Bikaner News: डूंगर कॉलेज के सामने हुए हादसे में युवक की मौत हो गई थी, जिसे लेकर मृतक को न्याय दिलाने व मुआवजे की मांग को लेकर परिजन धरने पर बैठ गए थे। वहीं, मांगें माने जाने के बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई और सहायता नहीं मिली, तो फिर से आंदोलन किया जाएगा।
बीकानेर में शनिवार शाम डूंगर कॉलेज के सामने जयपुर रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया। इस दुर्घटना में बाइक सवार नेक मोहम्मद की मौत हो गई, जबकि राजकुमार की हालत नाज़ुक बनी हुई है और सुशील भादाणी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने रविवार को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना दिया और न्याय तथा मुआवजे की मांग उठाई।
विज्ञापन
तीन गाड़ियों में हुई थी जोरदार भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, पिकअप कैंपर गाड़ी, टैक्सी और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। इसमें नेक मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई। राजकुमार को गंभीर अवस्था में ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जबकि तीन अन्य लोग भी घायल हुए। बताया गया कि पिकअप चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
परिजनों का धरना और मांगें
मृतक के परिजनों और धरने में शामिल लोगों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई, मृतक और घायलों को मुआवजा तथा सरकारी नौकरी देने की मांग की। प्रदर्शन के चलते प्रशासनिक अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
वार्ता के बाद बनी सहमति
धरनास्थल पर पहुंचे सदर सीओ विशाल जांगीड़ और एसडीएम ने कांग्रेस नेता व पूर्व यूआईटी चेयरमैन मकसूद अहमद की मौजूदगी में परिजनों से वार्ता की। बातचीत के बाद प्रशासन ने आश्वासन दिया कि मृतक के परिजन को संविदा पर नौकरी, एक डेयरी बूथ और सरकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता दी जाएगी। घायलों को भी सहायता राहत कोष से मदद दिलाने पर सहमति बनी। इसके अतिरिक्त, प्रशासन ने अलग से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार को पत्र भेजने का आश्वासन दिया।
परिजनों ने खत्म किया धरना
मांगें माने जाने के बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई और सहायता नहीं मिली, तो फिर से आंदोलन किया जाएगा।