पुलिस ने चार जिलों में वांटेड और पांच मुकदमों में फरार चल रहे मादक पदार्थों के कथित सप्लायर मनीष भादू को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर एक स्कॉर्पियो गाड़ी में रह रहा था। उस पर बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और फलोदी जिलों से कुल 40 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अब उससे मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क और अन्य मामलों में शामिल लोगों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपी
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि पांचू थाना क्षेत्र के कुदसूं गांव का निवासी मनीष पुत्र भैराराम भादू लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल, गुजरात, नागौर, नोखा और जोधपुर सहित कई स्थानों पर ठिकाने बदल चुका था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पहचान छिपाकर लगातार स्कॉर्पियो गाड़ी में रह रहा था। इस वजह से वह कई बार पुलिस की पकड़ से बाहर निकलने में सफल रहा। अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदलने के कारण पुलिस के लिए उसकी गतिविधियों पर नजर रखना चुनौतीपूर्ण बना हुआ था।
छह महीने की निगरानी के बाद मिली सफलता
पुलिस के मुताबिक, सहायक उपनिरीक्षक दीपक यादव पिछले छह महीने से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इस दौरान उसकी लोकेशन और आवाजाही से जुड़ी जानकारियां जुटाई गईं।
इससे पहले बीकानेर और श्रीगंगानगर पुलिस को दो बार उसके छिपे होने की सूचना मिली थी, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से भाग निकला था। इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए निगरानी और मजबूत की। पुलिस ने इस बार अधिक सतर्कता बरतते हुए सप्ताहभर तक आरोपी की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। उसकी मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों, उसके संपर्कों और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।