बीकानेर में पांचू थाना पुलिस ने 51 लाख रुपये की एटीएम कैश वैन लूट के मामले में 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी अशोक जाट को गिरफ्तार कर लिया है। दांवा गांव, नोखा निवासी 22 वर्षीय अशोक जाट की गिरफ्तारी के साथ ही इस वारदात में अब तक कुल तीन आरोपियों को पुलिस पकड़ चुकी है।
पुलिस ने मामले में पहले ही 46 लाख रुपये की राशि बरामद कर ली थी। पुलिस टीम फिलहाल पकड़े गए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका और शेष बची राशि का सुराग लगाया जा सके।
कैश वैन रोकने के बाद की थी लूट
सीएमएस इंफो सिस्टम लिमिटेड, बीकानेर के ब्रांच मैनेजर आदित्य रावत ने पांचू पुलिस थाने में 5 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। यह कंपनी विभिन्न बैंकों से नकदी प्राप्त कर अलग-अलग एटीएम में कैश लोड करने का काम करती है। घटना वाले दिन कंपनी की टीम कैश वैन में नकदी लेकर सारुंडा के लिए रवाना हुई थी। दोपहर लगभग 3 बजे वैन सारुंडा से करीब पांच से सात किलोमीटर पहले सारुंडा रोड पर पहुंची। उसी समय पीछे से बिना नंबर प्लेट की एक कैंपर गाड़ी आई। गाड़ी में सवार दो-तीन अज्ञात बदमाशों ने चालक के सिर पर बंदूक तान दी और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देकर हथियारों के बल पर 51 लाख रुपये से भरा कैश बॉक्स लूट लिया।
कर्मचारी ने ही रची थी पूरी साजिश
पुलिस की जांच में सामने आया कि कैश वैन में नकदी लोड करने की जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मचारी विक्रमसिंह कस्टोडियन ने ही इस वारदात की योजना बनाई थी। उसने अपने साथी श्यामसुंदर और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना तैयार की थी।
तय रणनीति के तहत 5 अगस्त को नोखा से सारुंडा जाते समय रास्ते में कैश वैन को रुकवाकर कर्मचारियों को डराना और कैश बॉक्स लूटना तय किया गया था। पांचू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विक्रमसिंह कस्टोडियन सहित दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था और उनके पास से 46 लाख रुपये की राशि भी बरामद कर ली थी।
ये भी पढ़ें- पैरा एशियन गेम्स: राजस्थान की मोना अग्रवाल ने जीता गोल्ड, अवनी लेखरा ने लाया सिल्वर; रचा इतिहास
पुलिस टीम की कार्रवाई और जांच
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पांचू थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी अशोक जाट को गिरफ्तार किया। पांचू पुलिस अब पकड़े गए आरोपी अशोक जाट से पूछताछ कर वारदात में अन्य आरोपियों की भूमिका और बाकी बची रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।