नवनिर्वाचित सरपंच नंदू देवी जाट
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में नवनिर्वाचित सरपंचों के पदभार ग्रहण करने के दौरान अनूठे अंदाज देखने को मिल रहे हैं। भीलवाड़ा जिले की ग्राम पंचायत चीड़खेड़ा में नवनिर्वाचित सरपंच नंदू देवी जाट ऊंट पर सवार होकर पंचायत कार्यालय पहुंचीं और पदभार संभाला। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। वहीं, हनुमानगढ़ जिले की एक अन्य ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित सरपंच ममता रमेश गोदारा ने गांव में सफाई अभियान चलाकर अपने कार्यकाल की शुरुआत की।
ऊंट पर सवार होकर पंचायत कार्यालय पहुंचीं नंदू देवी
सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चीड़खेड़ा में नवनिर्वाचित सरपंच नंदू देवी जाट का पदभार ग्रहण समारोह खास अंदाज में आयोजित किया गया। नंदू देवी ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच ऊंट पर सवार होकर पंचायत कार्यालय पहुंचीं। इस दौरान उनके पति राजू लाल जाट भी साथ मौजूद रहे। पंचायत कार्यालय तक निकली शोभायात्रा में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
पुजारी ने धार्मिक रीति-रिवाजों से ग्रहण करवाया पदभार
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मालासेरी डूंगरी के पुजारी हेमराज पोसवाल शामिल हुए। वे घोड़े पर सवार होकर ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचे। इसके बाद उन्होंने धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ नंदू देवी जाट को सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण करवाया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक लादू लाल पितलिया ने पौधारोपण किया और पंचायत क्षेत्र में होने वाले नए विकास कार्यों की नींव रखी। विधायक ने नवनिर्वाचित सरपंच को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत ही गांव के विकास की दिशा तय करती है। उन्होंने सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराने पर जोर दिया।
सफाई अभियान चलाकर सरपंच ममता गोदारा ने संभाला पदभार
दूसरी ओर, हनुमानगढ़ जिले की नोहर तहसील की ग्राम पंचायत किंकराली में नवनिर्वाचित सरपंच ममता रमेश गोदारा ने अनूठे तरीके से पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कार्यभार संभालने से पहले सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर गांव में झाड़ू लगाई और सफाई अभियान की शुरुआत की।
सरपंच ममता गोदारा ने कहा कि पंचायत चुनाव के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से गांव को साफ-सुथरा बनाने का वादा किया था। इसी वादे को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने कार्यकाल के पहले दिन ही सफाई अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि गांव में नियमित रूप से सफाई कराई जाएगी और इसे रोजमर्रा की व्यवस्था का हिस्सा बनाया जाएगा।