राजस्थान के भीलवाड़ा में मेडिकल स्टोर पर कथित तौर पर इंजेक्शन लगाने के बाद 17 वर्षीय सीए छात्रा की मौत हो गई। छात्रा को बुखार और सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने बिना किसी योग्य डॉक्टर की सलाह के उसे इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ती चली गई और उदयपुर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने शनिवार देर शाम मेडिकल स्टोर के बाहर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने दुकान के बाहर आगजनी की और शटर तोड़ने की कोशिश की। पुलिस ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है और आरोपी संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बुखार की शिकायत पर मेडिकल स्टोर पहुंची थी छात्रा
सुभाष नगर थाना क्षेत्र में सरकारी स्कूल के पास रहने वाले राकेश मेहता की 17 वर्षीय बेटी प्राची मेहता कुछ दिनों से बुखार और सर्दी-जुकाम से परेशान थी। परिजन 11 नवंबर की शाम उसे दवा दिलाने के लिए लवकुश मेडिकल स्टोर लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक रामप्रसाद ने किसी योग्य चिकित्सक की सलाह के बिना ही किशोरी को इंजेक्शन लगा दिया।
इंजेक्शन लगने के बाद पैर में बनी बड़ी गांठ
परिजनों के अनुसार, इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद प्राची के पैर में तेज दर्द शुरू हो गया। कुछ ही समय में उसके पैर में खून जम गया और वहां बड़ी गांठ बन गई। दर्द बढ़ने पर 12 नवंबर की शाम परिजन उसे दोबारा उसी मेडिकल स्टोर पर लेकर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान संचालक ने उसे किसी दूसरे अस्पताल में ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद परिजन प्राची को स्थानीय निजी रामस्नेही अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उपचार के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इस पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए उदयपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। उदयपुर में उपचार के दौरान प्राची की मौत हो गई।
मेडिकल स्टोर के बाहर आगजनी, शटर तोड़ने की कोशिश
छात्रा की मौत की खबर मिलने के बाद शनिवार शाम परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग लवकुश मेडिकल स्टोर के बाहर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। आक्रोशित लोगों ने दुकान के बाहर आग लगा दी और शटर तोड़ने की कोशिश की।
सूचना मिलने पर सुभाष नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति संभाली। थाना प्रभारी कैलाश चंद्र बिश्नोई ने बताया कि पुलिस टीम उदयपुर पहुंची है और मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
दादी ने की आरोपी की गिरफ्तारी और लाइसेंस निरस्त करने की मांग
मृतका की दादी रूपा मेहता ने बताया कि उनकी पोती केवल बुखार की गोली लेने मेडिकल स्टोर गई थी, लेकिन संचालक ने दवा देने के बजाय बिना किसी डॉक्टर की सलाह के उसे इंजेक्शन लगा दिया। उन्होंने प्रशासन से आरोपी संचालक को तत्काल गिरफ्तार करने, उसका लाइसेंस निरस्त करने और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।