घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
भीलवाड़ा जिले के सवाईपुर क्षेत्र के सालरिया गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव में चंबल परियोजना की टंकी के पास पानी में एक नवजात बालक का शव उतराता मिला, जिसके साथ गोबर और कचरा भी बह रहा था। ग्रामीणों ने जैसे ही यह मंजर देखा, इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पानी सप्लाई कर्मी को दिखा नवजात का शव
घटना का खुलासा तब हुआ जब देबी सिंह दरोगा, जो गांव में पानी की सप्लाई का काम संभालते हैं, सुबह-सुबह टंकी के पास पहुंचे। उन्हें पानी में कुछ तैरता दिखाई दिया। पास जाकर देखा तो नवजात बालक का शव नजर आया। उन्होंने तुरंत गांववालों और कोटड़ी थाना पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में एएसआई कैलाश चंद्र प्रजापत पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
5 से 7 दिन पुराना शव, 8-9 महीने का नवजात
पुलिस के अनुसार, मृत नवजात करीब 8 से 9 महीने का था और शव 5 से 7 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि जन्म के तुरंत बाद ही उसे गोबर की रोड़ी में फेंका गया, जो बारिश या बहाव के साथ टंकी के पास आ पहुंचा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मृत्यु का सही कारण पता चल सके।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Accident: एक के बाद एक पांच गाड़ियों से टकराया डंपर, 50 को रौंदा; 13 लोगों की मौत, पीएम ने जताया दुख
ग्रामीणों में आक्रोश, महिलाओं की आंखें हुईं नम
घटना ने पूरे गांव को सन्न और शोकग्रस्त कर दिया। कई ग्रामीणों का कहना था कि कोई मां इतनी निर्दयी कैसे हो सकती है कि अपने ही बच्चे को इस तरह त्याग दे। मौके पर मौजूद कई महिलाओं की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि दोषी को जल्द पकड़कर कड़ी सजा दी जाए, ताकि ऐसा अमानवीय कृत्य दोबारा न हो सके।
तीसरी ऐसी घटना, पुलिस ने अज्ञात महिला पर दर्ज किया मामला
पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में हाल ही में हुए नवजात जन्म और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह पिछले कुछ महीनों में जिले की तीसरी ऐसी घटना है, जो समाज में नैतिक गिरावट और जागरूकता की कमी की ओर इशारा करती है।
यह भी पढ़ें- खौफनाक: दादा को घसीटकर घर ले गया पोता, पहले आंखों में झोंकी मिर्ची, फिर कुल्हाड़ी से कई वार कर काट डाला; तनाव