भीलवाड़ा जिले के करेड़ा थाना क्षेत्र के नागा का बाड़िया गांव में बीती रात एक दिल दहला देने वाली पारिवारिक वारदात सामने आई। यहां एक पोते ने अपने ही दादा की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना इतनी भयावह थी कि गांव में दहशत और तनाव का माहौल पैदा हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर करेड़ा चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक की पहचान मोहनलाल बागरिया के रूप में हुई है।
खाना खाते समय किया हमला, फिर दादा को घसीटकर मारा
मामले के अनुसार, मृतक के पुत्र प्रेम बागरिया घर पर खाना खा रहे थे, तभी रात करीब 9 बजे आरोपी श्रवण बागरिया, हीरू बागरिया और शारदा बागरिया हथियारों के साथ घर में घुस आए। बिना किसी कहासुनी के तीनों ने प्रेम बागरिया पर कुल्हाड़ी, लाठियों और मिर्ची पाउडर से हमला कर दिया। हमले में प्रेम गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। हमले की चीखें सुनकर उनके पिता मोहनलाल बागरिया बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ और भी निर्मम व्यवहार किया।
रिपोर्ट के अनुसार, श्रवण बागरिया मोहनलाल को घसीटकर अपने घर ले गया, जहां उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाला गया और लाठियों से बेरहमी से पिटाई की गई। इसके बाद कुल्हाड़ी से सिर पर कई वार किए गए, जिससे मोहनलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Accident: कार को टक्कर मारने के बाद पांच गाड़ियों से टकराया डंपर, 50 को रौंदा; 13 लोगों की मौत
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
वारदात की जानकारी मिलते ही करेड़ा थानाधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए। पुलिस ने हत्या और हमले का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
गांव में तनाव, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
इस जघन्य वारदात के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। लोग घटना की नृशंसता से स्तब्ध हैं। मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और ग्रामीण लगातार पुलिस से न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं और मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- जोधपुर एक्सप्रेस-वे हादसा: फलोदी में एक मोहल्ले से उठीं 12 अर्थियां, माली समाज ने दी सामूहिक विदाई; आक्रोश