भीलवाड़ा में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि दिनदहाड़े पति का इंतजार कर रही महिला का बाइक सवार युवक ने पति के द्वारा भेजने की बात कहकर महिला को बाइक पर बैठाकर अपहरण करने की योजना को अंजाम दे दिया। लेकिन महिला की हिम्मत ने अपहरणकर्ता के मंसूबे पर पानी फेर दिया और अपने साथ होने वाली अनहोनी से खुद को बचा लिया। बस महिला के द्वारा बाइक से छलांग लगाने से उसे कुछ चोट जरूर आई है।
बता दें कि भीलवाड़ा शहर के व्यस्त लेंड मार्ग होटल के पास चीनू पत्नी अरविंद मेहता सूरत से आ रहे अपने पति का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक ने आकर उसे कहा कि उसके पति ने उनको भेजा है। इस पर चीनू मेहता ने उस पर विश्वास करते हुए बाइक पर बैठ गई। कुछ दूरी पर जाते ही बाइक सवार ने बाइक को अन्य सड़क मार्ग पर मोड़ दिया, जिस पर चीनू को अपने साथ किसी अनहोनी होने की आशंका हो गई और उसने विरोध शुरू कर दिया।
लेकिन बाइक सवार ने बाइक की स्पीड बढ़ा दी, जिस पर चीनू मेहता ने चलती बाइक से छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गई। वहीं, बाइक सवार भी अचानक हुई घटना से घबराकर मौके से फरार हो गया। चीनू मेहता को राजकीय महात्मा गांधी चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उपचार जारी है। वहीं, पुलिस को सूचना दी गई, पुलिस जांच में जुट गई है।