राजस्थान के भरतपुर में टीटागढ़ वैगन्स लिमिटेड में कार्यरत कर्मचारी वेतन वृद्धि और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। कंपनी में कार्यरत स्थानीय कर्मचारियों की वेतन वृद्धि को लेकर कई वर्षों से मांग चली आ रही है लेकिन अधिकारियों ने कर्मचारियों को आश्वासन के अतिरिक्त कुछ भी नहीं दिया। इस बात से नाराज होकर के स्थानीय कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी कर वेतन वृद्धि के साथ अन्य सुविधाओं को बढ़ाने की मांग की।
कंपनी में कार्यरत मजदूर कल्याण सिंह ने बताया कि मुझे इस कंपनी में कार्य किए कई वर्ष हो चुके हैं लेकिन हमारी मजदूरी अभी भी तीन सौ रुपये है। साथ ही छुट्टी वाले दिन भी कार्य करवाया जाता है जबकि बाहरी मजदूरों को सात सौ से आठ सौ रुपए प्रतिदिन मजदूरी मिलती है। अधिकारियों से इस बात की शिकायत की जाती है तो उनके द्वारा मजदूरों से अभद्र व्यवहार किया जाता है।
पहले भी कई बार स्थानीय कर्मचारियों ने हड़ताल की है, लेकिन अधिकारियों द्वारा सिर्फ आश्वासन ही दिया गया है। इस बार फिर से स्थानीय कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि और सुविधाओं की मांग को लेकर हड़ताल की है। साथ ही चेतावनी दी है कि जब तक अधिकारी लिखित में आश्वासन नहीं देंगे हम अपनी मांग पर अड़े रहेंगे।