वंदना कुमारी ने 10वीं बोर्ड में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर जिले में 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही प्रतिभाशाली छात्रों की उपलब्धियां सामने आने लगी हैं। इसी क्रम में वंदना कुमारी ने 99.33 प्रतिशत अंक हासिल कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की और जिले का नाम रोशन किया।
परिवार और मां के सहयोग को दिया श्रेय
वंदना कुमारी के पिता बैंक में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता लवेश कुमारी गृहिणी हैं। वंदना ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, विशेष रूप से अपनी मां को दिया। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान उनकी मां ने हर कदम पर उनका साथ दिया और पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया।
नियमित पढ़ाई और अनुशासन बना सफलता की कुंजी
वंदना ने अपनी पढ़ाई को लेकर बताया कि उन्होंने मोबाइल से दूरी बनाए रखी और खुद के नोट्स तैयार किए। वह रोजाना 6 से 7 घंटे तक नियमित अध्ययन करती थीं। उनकी इस अनुशासित दिनचर्या ने उन्हें यह उत्कृष्ट परिणाम हासिल करने में मदद की।
पढ़ें- Rajasthan 10th Result 2026: दसवीं में जयपुर की छवि लाईं 99.33%; लड़कियों में किसको मिले कितने अंक, यहां जानें?
पढ़ाई के साथ पर्यावरण के प्रति लगाव
वंदना कुमारी का झुकाव केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें पर्यावरण के प्रति भी विशेष रुचि है। वह अपने खाली समय में पेड़-पौधे लगाना पसंद करती हैं, हालांकि उन्होंने हमेशा पढ़ाई को अपनी पहली प्राथमिकता बनाए रखा।
स्कूल में खुशी का माहौल
वंदना कुमारी की इस उपलब्धि पर भरतपुर के निजी विद्यालय सोनी एकेडमी में खुशी का माहौल देखने को मिला। स्कूल के प्रिंसिपल, शिक्षकों और परिजनों ने उनका मिठाई खिलाकर और साफा पहनाकर स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।