जाट समाज ने भाजपा के खिलाफ पोस्टर जारी किए
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर में जाट समाज ने लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक नेमसिंह फौजदार के निवास पर जाट समाज की एक बैठक में यह तय किया गया। समाज के संयोजक का कहना है कि भाजपा सरकार ने उन्हें आरक्षण न देकर, उनके साथ विश्वासघात किया है। इसलिए अब वे जिलेभर के गांव-गांव जाकर बीजेपी के खिलाफ प्रचार करेंगे। इसके लिए समाज ने बीजेपी के खिलाफ पोस्टर भी छपवाए हैं, जिनका आज विमोचन किया गया।
आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक नेमसिंह फौजदार ने कहा कि भरतपुर-धौलपुर के जाट समाज ने केंद्र में आरक्षण की मांग को लेकर समाज ने जयचौली में महापड़ाव किया था। इसके बाद सरकार से हुई चर्चा में मुख्यमंत्री ने समाज के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया था। समाज के लोगों ने आचार संहिता से पहले आरक्षण की घोषणा नहीं होने की स्थिति में पहले ही चेतावनी दे दी थी। इसी मुद्दे को लेकर आज बैठक की गई। बैठक में संघर्ष समिति के सभी सदस्य मौजूद थे।
समिति ने बुधवार को संघर्ष समिति ने एक और बैठक बुलाई है, जिसमें हर विधानसभा क्षेत्र से 11-11 सदस्य मौजूद रहेंगे। इस बैठक में फैसला किया जाएगा कि चुनावों को लेकर समाज की रणनीति क्या होगी।