कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश अपने एक दिवसीय प्रवास पर भरतपुर पहुंचे। यहां उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए राजस्थान विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा करने के साथ भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और भारत जोड़ो यात्रा की जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पास कोई भी चुनावी मुद्दे नहीं हैं, बल्कि उनके पास देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा और केंद्र की एजेंसीज का दुरुपयोग करना ही बचा है। हम राजस्थान विधानसभा चुनावों में हमारी सरकार के पांच साल के कार्यों और आगामी योजनाओं को लेकर उतरे हैं।
भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस में एकजुटता पैदा हुई
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने पत्रकारों से बात चीत करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने देश में भारत जोड़ो यात्रा प्रारंभ की, जिसका असर कर्नाटक चुनावों में देखा गया। भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस में एकजुटता पैदा हुई। इस यात्रा का असर मध्य प्रदेश, तेलंगाना छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधानसभा चुनाव के नतीजों में भी देखे जाएंगे।
भाजपा की रणनीति के दो हथियार
उन्होंने कहा भाजपा की रणनीति के दो हथियार हैं। एक हथियार पीएम नरेंद्र मोदी, ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स तो दूसरा ध्रुवीकरण की राजनीति। हमारे पास भी दो मुद्दे हैं, पहला पांच साल के कार्यकाल में क्या किया और आगामी पांच साल के कार्यकाल में क्या करेंगे।
विधानसभा चुनाव है दो विचारधाराओं का मुकाबला
उन्होंने कहा हमारी सरकार में राजस्थान के लोगों को गारंटी योजना दी जा रही है, जो उनके लिए फायदेमंद है। राजस्थान पांच साल में एक मॉडल के रूप में उभर के आया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश में गैस सिलेंडर 1100 से 1200 रुपये का है, लेकिन राजस्थान में यह 500 रुपये का है। राजस्थान सरकार ने किसानों को दो लाख तक का कर्ज माफ किया, लेकिन केंद्र सरकार ने इसमें कोई सहयोग नहीं किया। उन्होंने कहा यह विधानसभा चुनाव है दो विचारधाराओं का मुकाबला है। मोदी सरकार की जो नीतियां हैं, वह राजस्थान के में नहीं है। केंद्र सरकार के द्वारा राजस्थान के पूर्वी क्षेत्र में लाभकारी ईआरसीपी योजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित नहीं किया गया। वहीं, उन्होंने कहा कि राजस्थान के युवाओं के लिए सेना में भर्ती होना एक रोजगार था, लेकिन केंद्र सरकार ने अग्निवीर योजना लागू कर युवाओं के सपनों पर पानी फेरने का काम किया है। सेवा के अधिकारी और हमारी सरकार ने इस योजना का विरोध किया था। अगर केंद्र में कांग्रेस सरकार आएगी तो इस योजना को बंद करने का काम करेंगे।
केंद्र सरकार में महंगाई बेरोजगारी से लोग परेशान हैं
उन्होंने कहा केंद्र सरकार में महंगाई बेरोजगारी से लोग परेशान हैं। सन 2013 में पीएम मनमोहन सिंह द्वारा करवाया गया राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून को लेकर जब गुजरात के सीएम नरेंद्र मोदी थे तो उन्होंने इसका विरोध किया था। कानून का नाम बदलकर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना रख दिया है। राजस्थान एकमात्र ऐसा राज्य है जो शहरी गारंटी योजना दे रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस पार्टी का अभी कोई सीएम चेहरा नहीं है, यह फैसला आला कमान का है। फिलहाल के लिए सिर्फ कांग्रेस का चुनाव चिह्न ही चेहरा है।