भरतपुर। जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर छोकरवाड़ा कला में बस स्टैंड के पास सड़क पार कर रहे एंबुलेंस 108 के नर्सिंग कर्मी को कार ने चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। वे एक रोगी को धौलपुर से जयपुर अस्पताल में छोड़ कर लौट रहे थे।
एंबुलेंस 108 पर तैनात नर्सिंग कर्मी धौलपुर के गांव करीमपुर (सैंपऊ) निवासी निजाम खान जयपुर से धौलपुर आ रहे थे। छोकरवाड़ा बस स्टैंड पर एंबुलेंस को सड़क किनारे खड़ा कर चाय पीने के लिए रुके। नर्सिंग कर्मी सड़क पार कर रहा था तभी एक तेज रफ्तार कार ने चपेट में ले लिया। घायल को एंबुलेंस चालक लोगों की सहायता से तत्काल छोकरवाड़ा के सामुदायिक अस्पताल लेकर पहुंचा, यहां रात के समय कोई कंपाउंडर व चिकित्सक नहीं मिला। इस पर चालक उन्हें हलैना के सामुदायिक अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने निजाम को मृत घोषित कर दिया।
इधर पुलिस ने नाका बंदी कर कार को पकड़ लिया, जबकि चालक भाग निकला। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर शव परिजन को सौंप दिया। सूचना पर धौलपुर, भरतपुर, डीग जिले के एंबुलेंस कर्मचारियों में शोक छा गया। खेड़ली मोड़ थाना प्रभारी रामनिवास मीणा ने बताया कि थाने के मुख्य आरक्षी मोहन सिंह को कार्रवाई के लिए घटनास्थल पर भेजा गया।