धौलपुर। शहर के संतर रोड इलाके में बुधवार शाम 4 युवकों ने एक दुकान पर पहुंचकर फायरिंग कर दी। गुस्साए दुकानदार युवकों से भिड़ गए तथा उनकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान दो युवक मौके से भाग निकले। पिटाई से जख्मी दो युवकों को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
शाम करीब 4 बजे 2 बाइक पर सवार 4 युवक संतर रोड स्थित रवि फैशन की दुकान पर पहुंचे। बाइक सवार युवकों ने दुकान पर बैठे रवि त्यागी एवं रिंकू त्यागी पर देशी तमंचे से फायरिंग कर दी। गनीमत रही फायरिंग में दुकान पर बैठे युवक बाल-बाल बच गए। दिनदहाड़े फायरिंग से बाजार में दहशत फैल गई। आसपास के दुकानदार एकत्रित हो गए और युवकों पर हमला बोल दिया। दुकानदारों ने युवकों की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान 2 युवक मौके से भाग गए जबकि 2 को पकड़ लिया गया।
पीड़ित दुकानदार रिंकू त्यागी ने बताया उनके गांव मालोनी में संचालित एक शिक्षण संस्थान में पास के गांव मानपुर के कुछ लड़के छेड़खानी करते हैं। 4 दिन पूर्व ग्रामीणों ने मनचलों की पिटाई कर दी थी। इसी को लेकर युवक रंजिश मानने लगे और उनकी दुकान पर हमला बोल दिया। सीओ सिटी सुरेश सांखला ने बताया धौलपुर शहर के निहालगंज थाना इलाके में संतर रोड पर कुछ युवक आए तथा रवि एवं रिंकू की दुकान पर फायरिंग कर दी। संतर रोड के दुकानदारों ने 2 युवकों जोगा गुर्जर एवं आके उर्फ अभिषेक मावई को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मामला दर्ज कर आगे कार्रवाई की जा रही है।
दुकानदारों ने निकाला जुलूस दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात के बाद में संतर रोड का बाजार बंद हो गया। गुस्साए दुकानदारों ने बाजार में जुलूस निकाला। निहालगंज थाने पंहुचकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने, बाजार में गश्त बढ़ाने तथा इस तरह की वारदातों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग पुलिस अधिकारियों से की।