दिव्यांग रुद्रांश खंडेलवाल पदकों के साथ
भरतपुर। हौसला अगर बुलंद हो तो हर मुश्किल आसान हो जाती है। भरतपुर के दिव्यांग रुद्रांश खंडेलवाल ने पैरा शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप-2023 में सिल्वर मेडल पर निशाना लगाकर पेरिस पैरालंपिक-2024 का टिकट हासिल किया है। 20 से 29 सितंबर तक साउथ अमेरिका के पेरू की राजधानी लीमा में हुई पैरा शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में दो सिल्वर पदक जीतकर रुद्रांश ने देश का नाम रोशन किया है। रुद्रांश के भरतपुर आगमन पर लोगों ने स्वागत किया।
रुद्रांश टोक्यो पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अवनी लेखरा के बाद पेरिस पैरालंपिक का कोटा हासिल करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने पैरा शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप-2023 के टीम इवेंट में भी दो सिल्वर मेडल जीते हैं। रुद्रांश ने 4-मिक्स्ड 50 मीटर पिस्टल एसएच-1 इवेंट में 216.4 के स्कोर से सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसी इवेंट में 231.1 के स्कोर के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड भी रुद्रांश के नाम दर्ज है, जो उन्होंने क्रोएशिया ओसिजेक में हुए वर्ल्डकप में बनाया था।
हादसे में गंवाया पैर, जीते 45 पदक
रुद्रांश खंडेलवाल जब करीब 9 साल के थे एक शादी समारोह में आतिशबाजी के समय हादसे का शिकार हो गए। जिसमें उन्हें अपना एक पैर गंवाना पड़ा। परिवार का साथ और खुद की हिम्मत व मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। साल 2023 में रुद्रांश 4 गोल्ड सहित 7 मेडल जीत चुके है।
मई महीने में साउथ कोरिया के चांगवान में हुए पैरा शूटिंग वर्ल्डकप के 50 मीटर पिस्टल के टीम इवेंट में ब्रांज मेडल, ओसिजेक पैरा शूटिंग वर्ल्डकप के 10 मीटर व टीम इवेंट में 4 गोल्ड मेडल, लिमा में चल रहे वर्ल्डकप के 50 मीटर पिस्टल में सिंगल और टीम इवेंट में सिल्वर मेडल अपने नाम किए। रुद्रांश अभी तक कुल 45 पदक जीत चुके है। रुद्रांश ने बताया कि पैरालंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर मेडल जीतना सपना है। अभी तक जो कमियां रही हैं उनको दूर करूंगा, जिससे गोल्ड मिल सके।