संवाद न्यूज एजेंसी भरतपुर। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आयुष्मान भारत योजना में गलत आंकड़े पेश कर देश को गुमराह कर रही है। सीएजी की रिपोर्ट में योजना में भ्रष्टाचार के 2 लाख 25 हजार मामले उजागर हुए हैं। वहीं 88 हजार कार्ड धारकों का निधन हो गया, उनके नाम पर लाभ लिया गया। दुनियां में भारत का स्वास्थ्य की दृष्टि से 155वां स्थान है। उन्होंने महाराष्ट्र में ट्रिपल इंजन सरकार के संबंध में कहा कि वहां नादेड़ क्षेत्र में 24 लोगों की मृत्यु दवाइयों के अभाव में हुई है। यह शर्मनाक है।
जयंत मंगलवार को भरतपुर विधानसभा क्षेत्र के जाटौली-रथभान गांव में किसान एवं युवा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने करीब 2.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का लोकार्पण, और सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा 20 करोड़ रुपये की लागत से नोंह मोड़ से जाटौली-रथभान तक बनाई जाने वाली सड़क का शिलान्यास किया। रालोद अध्यक्ष का 51 किलो की माला, साफा और चांदी का मुकुट पहनाकर व प्रतीक चिह्न हल भेंट कर स्वागत किया गया।
रालोद अध्यक्ष ने कहा कि किसानों के मसीहा चौधरी चरन सिंह ने किसानों के उत्थान के लिए जो योजनाएं एवं रास्ता बताया उस पर चलने की आवश्यकता है। केंद्र सरकार किसानों के हितों पर कुठाराघात कर रही है। कहा कि नए संसद भवन को बनाने की कोई जरूरत नहीं थी, इस राशि का उपयोग देश के विकास में किया जाता। जयंत ने कहा कि भारत सरकार को पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को शीघ्र राष्ट्रीय परियोजना घोषित करना चाहिए। सम्मेलन में जयंत ने साफ कहा कि गठबंधन के तहत भरतपुर विधानसभा सीट से डाॅ. सुभाष गर्ग को पुनः टिकट देकर विजयी बनाया जाएगा। उन्होंने सांसद निधि से 15 लाख रुपये की राशि भरतपुर विधानसभा क्षेत्र में खेल मैदान के विकास के लिए स्वीकृत की घोषणा की।
16 समाज को दिलवाई जमीन
तकनीकी शिक्षा एवं आयुर्वेद राज्यमंत्री डाॅ. सुभाष गर्ग ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों में शहर के समकक्ष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके लिए बिजली तंत्र को मजबूत करने, सड़कों का जाल बिछाने, पेयजल उपलब्ध कराने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने और खेल का मैदान विकसित कराने का प्रयास किया जा रहा है। 16 समाजों को सामुदायिक भवन व छात्रावास बनाने के लिए रियायती दर पर भूमि उपलब्ध कराई गई है। जो कोई समाज शेष रह गया है वह भी आवेदन कर सकता है। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक चौ. प्रदीप सिंह गुड्डू ने कहा कि रालोद किसानों एवं गरीबों का हितैषी है। भरतपुर विधान सभा क्षेत्र में रिकाॅर्ड विकास कार्य कराये गये हैं। इन्ही के आधार पर मतदाता पुनः डाॅ. गर्ग को विजयी बनाएंगे। जिलाध्यक्ष संतोष फौजदार ने केंद्र में भरतपुर व धौलपुर के जाटों को आरक्षण देने की मांग की।
यह रहे मौजूद
रालोद बृज क्षेत्र अध्यक्ष बृजेश चाहर, उमेश चौधरी, सगीर अहमद, राजपाल भट्टनागर, चेतन मलिक, बाबूलाल, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष डाॅ. दयाचंद पचौरी, सेवर ब्लाॅक अध्यक्ष दीनदयाल, ओमप्रकाश, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजाराम भूतौली, रंधीर सिंह, रवि , नेमसिंह, हरेन्द्र सिंह, तुहीराम, ईश्वर सिंह, छत्तर सिंह आदि मौजूद रहे। सतीश सोगरवाल ने आभार व्यक्त किया।