भरतपुर। भुसावर थाना क्षेत्र के पथैना गांव में सीआईडी की टीम पर हमला कर गिरफ्त से एक सैन्य कर्मी को उसके परिजन व ग्रामीण छुड़ा ले गए। लाठी व सरियों से किए गए हमले में टीम के चालक व एक कांस्टेबल घायल हो गए। इस मामले में सीआईडी टीम के निरीक्षक रूपनारायण मीना ने भुसावर थाने में सैन्यकर्मी समेत 8-10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, राज्य मुख्यालय जयपुर व भरतपुर जोन की सीआईडी टीम किसी मामले की जांच के लिए शनिवार को भरतपुर जिले के पथैना गांव पहुंची। यहां पूछताछ के बाद सैन्यकर्मी संजय उर्फ संजू को साथ ले जाने लगे। आरोप है कि इस दौरान सैन्यकर्मी ने धक्का-मुक्की व हाथापाई कर दी। इसी बीच शोर सुनकर प्रदीप, चंद्रशेखर, रामश्री पत्नी राज सिंह व अनीषा पत्नी संजय, मनीषा पत्नी चंद्रशेखर, चिकू पुत्र देवो उर्फ देवेन्द्र, सतवीर उर्फ बंडा निवासीयान पथैना समेत तीन अन्य ने सीआईडी टीम पर सरिया और लाठी से हमला कर दिया। इससे चालक श्रीराधे और कांस्टेबल केहरी सिंह घायल हो गए।
जब टीम के सदस्य भागने लगे तो पथराव कर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे तब तक सैन्यकर्मी सहित अन्य लोग भाग गए। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल कर्मियों का मेडिकल कराया। हालांकि कोई भी अधिकारी इस बारे में बोलने को तैयार नहीं है कि आखिर सैन्यकर्मी को क्यों साथ ले जाया जा रहा था।
वहीं भुसावर एसएचओ सुनील कुमार ने बताया कि संजय फौजी सेना में कार्यरत है, लेकिन बीते कई महीने से वह ड्यूटी पर नहीं जा रहा। आरोपी संजय से किसी मामले में पूछताछ के लिए शनिवार को सीआईडी टीम लेने पहुंची थी। जैसे ही टीम के सदस्य सैन्यकर्मी को ले जाने लगे परिजनों व ग्रामीणों ने टीम पर हमला कर दिया। भरतपुर जोन की सीआईडी टीम के निरीक्षक रूपनारायण मीना की तहरीर पर सैन्य कर्मी सहित 8-10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।