रविवार शाम बयाना उपखंड के पिदावली ग्राम के पास बाणगंगा नदी में बने गड्ढे में जमा बारिश के पानी में नहाने के लिए गए श्रीनगर गांव निवासी सात बच्चों की डूब जाने से मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि जिसने भी इस हादसे के बारे में सुना वह दंग रह गया। सातों मृतकों के शव गांव में पहुंचे तो ग्रामीण और रिश्तेदारों की आंखों से आंसू बह निकले। हादसे के बाद से गांव में चूल्हा नहीं जला है।
गौरतलब है कि ग्राम श्रीनगर निवासी पवन पुत्र उदयसिंह जाटव, सौरभ पुत्र तानसिंह जाटव, भूपेन्द्र पुत्र दशरथ जाटव, शांतनु पुत्र खैमसिंह उर्फ खेमचन्द जाटव, लक्खी पुत्र प्रीतम सिंह जाटव, पवन पुत्र शुगर सिंह जाटव एवं गौरव पुत्र प्रकाश उर्फ ओमप्रकाश की डूबने से मौत हो गई थी। जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और नियमानुसार सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया।