भरतपुर जिले के बयाना थाना इलाके के गांव गाजीपुर के जंगलों में एक 26 साल की तलाकशुदा महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। भरतपुर की रहने वाली पीड़िता बयाना के कैला देवी झील का बाड़ा में देवी मां के दर्शनों को आई थी। वहां से आरोपी उसे भरतपुर छोड़ने की बात कहकर बहला फुसलाकर गाजीपुर के जंगल में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी भरतपुर निवासी हितेंद्र अग्रवाल के खिलाफ बलात्कार और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर पीड़िता का मेडिकल कराया है। मामले की जांच डिप्टी एसपी अमर सिंह मीणा को सौंपी गई है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह भरतपुर की एक कॉलोनी में किराए के मकान में रहती है। शुक्रवार शाम को वह बयाना के कैलादेवी झील का बाड़ा में देवी मां के दर्शन के लिए आई थी। वहां उसकी मुलाकात हितेंद्र अग्रवाल के साथ हुई थी। हितेन्द्र ने उसे बताया कि वह मूलतः बयाना का रहने वाला है, लेकिन फिलहाल भरतपुर रह रहा है। हितेन्द्र ने बताया कि वह ठेकेदारी का काम करता है और उसकी पत्नी सरकारी टीचर है। उसे अपने घर में मेड (नौकरानी) की जरूरत है। इसके बाद हितेंद्र ने उसे भरतपुर छोड़ने की बात कहकर अपनी बाइक पर बिठा लिया। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद हितेंद्र जरूरी काम बताकर उसे पहले बयाना और फिर गाजीपुर गांव के जंगलों में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी उसे बयाना में छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता रात करीब 8:30 बजे बयाना कोतवाली थाने पहुंची और पुलिस को अपनी आपबीती बताई।
एसएचओ बाबूलाल गुर्जर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच डिप्टी एसपी अमर सिंह मीणा को सौंपी गई है। घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है।