मथुरा जिले के मगोर्रा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब भरतपुर जिले के बयाना तहसील के चार छात्र एक ही बाइक पर सवार होकर मथुरा स्थित अपने कॉलेज जा रहे थे।
चारों छात्र मथुरा के गिर्राज महाराज कॉलेज के बीएससी एग्रीकल्चर सेकंड ईयर के विद्यार्थी थे और कॉलेज जा रहे थे। हादसा जाजम पट्टी पुलिस चौकी से करीब 800 मीटर आगे हुआ। जब छात्रों की बाइक ने आगे चल रही एक इको गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक सवार रितेश, चेतन और मुकुल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथा छात्र रामकेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल रामकेश को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रैफर कर दिया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन गहरे सदमे में आ गए।
सड़क सुरक्षा का संदेश
यह हादसा यातायात नियमों के पालन और सड़क पर सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित करता है। वाहन चलाते समय ओवर टेकिंग और तेज रफ्तार जैसे खतरनाक व्यवहार अक्सर जानलेवा साबित होते हैं।
मगोर्रा थाना प्रभारी निरीक्षक मोहित तोमर ने बताया कि हादसे के बाद बस को जब्त कर लिया गया है। पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए।