सरहदी जिले बाड़मेर में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग में आ रही तकनीकी समस्याओं के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सर्वर धीमा होने की वजह से कई दिनों से गैस सिलेंडर बुक नहीं हो पा रहे हैं, जिसके चलते गैस एजेंसियों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। हालांकि एजेंसियों पर पहुंचने के बाद भी उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग करने की ही सलाह दी जा रही है, जिससे कई लोग निराश होकर लौट रहे हैं।
कई दिनों से बुकिंग नहीं हो पा रही
उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले चार-पांच दिनों से वे ऑनलाइन गैस सिलेंडर बुक करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सर्वर समस्या के कारण बुकिंग नहीं हो पा रही है। मजबूर होकर लोग गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां भी उन्हें ऑनलाइन ही बुकिंग करने को कहा जा रहा है। ऐसे में सर्वर डाउन की समस्या से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एजेंसियों पर भीड़, फिर भी नहीं मिल रही राहत
ऑनलाइन बुकिंग नहीं होने से बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। लेकिन एजेंसी कर्मचारियों का कहना है कि बिना ऑनलाइन बुकिंग के सिलेंडर जारी नहीं किया जा सकता। इस कारण उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
एजेंसी प्रबंधन ने दी सफाई
बाड़मेर गैस एजेंसी के प्रबंधक दिनेश जैन ने बताया कि जिले में गैस सिलेंडर की सप्लाई नियमित रूप से मिल रही है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण उपभोक्ताओं को बुकिंग में दिक्कत आ रही है। उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर की बुकिंग व्हाट्सएप, वेबसाइट, टोल फ्री नंबर और फोनपे जैसे विभिन्न माध्यमों से ऑनलाइन की जा सकती है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि घबराने की जरूरत नहीं है, पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।
ये भी पढ़ें:
मुर्गे चोरी के शक में दोस्त ने नाबालिगों के साथ मिलकर की हत्या, मारपीट के बाद कुएं में फेंका शव
बुकिंग शेड्यूल में हुआ बदलाव
कंपनी की ओर से गैस बुकिंग के शेड्यूल में भी बदलाव किया गया है। पहले उपभोक्ताओं को महीने में दो सिलेंडर मिल जाते थे, लेकिन अब एक सिलेंडर की बुकिंग के बाद दूसरा सिलेंडर 25 दिन बाद ही बुक किया जा सकेगा। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई फिलहाल बंद बताई जा रही है।