बाड़मेर में फिर लागू हुआ ब्लैक आउट
भारत-पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम को सीज फायर होने के बाद इसकी आधिकारिक तौर पर घोषणा भी की गई लेकिन इसके कुछ ही घंटों बाद सरहदी जिले बाड़मेर में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर ब्लैक आउट लागू कर दिया। इसके चलते सायरन की गूंज के साथ ही पूरा बाड़मेर अंधेरे में डूब गया। इस बीच बाड़मेर में कई जगहों पर संदिग्ध ड्रोन देखे जाने की चर्चाएं हैं, लेकिन इनके बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
दरसअल भारत भारत-पाकिस्तान के बीच सीज फायर लागू होने के बावजूद शनिवार रात को बाड़मेर जिला प्रशासन ने जिले में एहतियात के तौर पर एक बार फिर से ब्लैक आउट की घोषणा कर दी। आमजन ने इसमें सहयोग करते हुए तत्काल अपने अपने घरों सहित तमाम प्रकार की रोशनी बंद कर दी।
बाड़मेर जिला कलेक्टर टीना डाबी ने बताया कि जिले में सुरक्षा के दृष्टिकोण से तत्काल प्रभाव से ब्लैक आउट लागू किया गया। इस दौरान आमजन से अपने घरों और प्रतिष्ठानों की लाइट बंद रखने की अपील की गई साथ ही अनावश्यक रूप से सड़क पर आवागमन करने और घर से बाहर निकलने की भी मनाही की गई।
ये भी पढ़ें: Ajmer News: 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों से 50 करोड़ की ठगी, सरकारी टीचर गिरफ्तार; कांस्टेबल भाई अब भी फरार
गौरतलब है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत की ओर से ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया था, जिसके तहत कार्रवाई करते हुए कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया। इससे बौखलाए पाकिस्तान ने भारत पर अटैक शुरू कर दिया, जिसका भारतीय सेना द्वारा मुंहतोड़ जवाब किया गया। भारत और पाकिस्तान के बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मध्यस्थता के बाद दोनों देशों ने शनिवार शाम को सीज फायर लागू किया गया था।