जिले के बाखासर थाना क्षेत्र के पनोरिया गांव में एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक राणाराम पुत्र देदाराम जाट ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें उसने सरपंच प्रतिनिधि सुरेश विश्नोई सहित दो अन्य व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
वायरल वीडियो में राणाराम ने आरोप लगाया कि सरपंच प्रतिनिधि आए दिन राजनीति का दबदबा दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी देता था। उसने यह भी बताया कि पूर्व में भी उस पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसका जिक्र उसने अपने वीडियो में किया है।
घटना की सूचना मिलते ही बाखासर थाना प्रभारी विशन सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले के संबंध में जांच-पड़ताल शुरू की। पूछताछ के दौरान मृतक के परिजनों ने भी सरपंच प्रतिनिधि सुरेश विश्नोई पर धमकाने का आरोप लगाया है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाखासर SHO विशन सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।