राजस्थान के बाड़मेर जिले में सीमा पार पाकिस्तान से आने वाली हेरोइन को लेकर पुलिस नए-नए खुलासे कर रही है। 2 दिन पहले गिरफ्तार किए गए हेरोइन तस्कर गुलाब सिंह की निशानदेही पर जिला पुलिस ने जैसलमेर के म्याजलार में दबिश देकर अधजली 330 ग्राम हेरोइन बरामद की। साथ ही तस्कर अर्जुन सिंह को भी गिरफ्तार किया है। शनिवार को कुख्यात हेरोइन तस्कर भुट्टासिंह, गुलाबसिंह और अजुर्नसिंह को कोर्ट में पेश किया गया। सुरक्षा एजेसियां तस्करों से पूछताछ कर रही हैं।
दरअसल, करीब एक साल पहले सीमा पार पाकिस्तान से आई हेरोइन के मामले में पुलिस ने स्वरूप सिंह निवासी बीजावल को गिरफ्तार किया था, लेकिन तस्कर भुट्टा सिंह पुलिस से बचकर फरार हो गया था।
दो दिन पहले जयपुर क्राइम ब्रांच और सूरतगढ़ श्रीगंगानगर पुलिस ने भुट्टासिंह को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में भुट्टा सिंह ने पुलिस को अलग-अलग जगह पर हेरोइन छिपाए होने की जानकारी दी। आरोपी तस्कर ने करीब 37 किलो हेरोइन मंगवाई थी, जिसमें से 10 किलो हेरोइन को सीआईडी सीबी ने पहले ही बरामद कर लिया था।
भुट्टासिंह की निशानदेही पर पुलिस ने जैसलमेर के झिनझिनयाली इलाके से 11 किलो हेरोइन 20 दिन पहले बरामद की थी। भुट्टासिंह से हुई पूछताछ में गुलाबसिंह का नाम सामने आया। गुलाबसिंह के तार पाकिस्तान से जुड़े हुए हैं। तस्कर के खिलाफ पाकिस्तान से हेरोइन तस्करी करने के 5 केस दर्ज हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।
चौहटन डीएसपी धर्मेद्र डूकिया ने बताया कि तस्कर गुलाब सिंह से पूछताछ में अर्जुन सिंह का नाम सामने आया था। जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर जैसलमेर के म्याजलार गांव से आरोपी तस्कर अर्जुन को गिरफ्तार किया है। उसके पास से अधजली 330 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
पुलिस ने शनिवार को कुख्यात हेरोइन तस्कर भुट्टा सिंह, गुलाबसिंह और अर्जुन सिंह को कोर्ट में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने भुट्टा सिंह को जेल भेज दिया है। वहीं, गुलाब सिंह और अर्जुन सिंह को 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।