बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना थानांतर्गत आमलसरिया गांव में एक युवक ने बुधवार अल सुबह आपसी कहासुनी के बाद कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव के प्रयास में पुत्री घायल हो गई। इस हृदय विदारक घटना से क्षेत्रवासी दहशत में हैं।
पुलिस के अनुसार, आपसी कहासुनी के बाद आलमसरिया गांव के चूनाराम नामक युवक ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी जीयो देवी पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इस दौरान उसकी पुत्री सुमित्रा ने बीच-बचाव की कोशिश की। इस दौरान पत्नी जीयो देवी (उम्र 40) की मौके पर ही मौत हो गई एवं पुत्री सुमित्रा घायल हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर धोरीमन्ना थाना पुलिस पहुंची और घायल पुत्री को अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने पुत्री सुमित्रा बयान के आधार पर चूनाराम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घटना बुधवार तड़के की बताई जा रही है। मृतका कुछ वर्ष पूर्व पेड़ से गिर जाने से गंभीर रूप से घायल हो गई थी और ज्यादातर घर पर ही रहती थी। प्रारंभिक पूछताछ में ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि आरोपी अपनी पत्नी को मोबाइल का प्रयोग करने से टोकता था और इस घटना के पीछे भी इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होना बताया जा रहा है। हालांकि, फिलहाल हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। घटना के बाद मृतका के पीहर पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद लाश परिजनों को सौंप दी है।