शाहाबाद में हाईवे पर हुआ भीषण हादसा
- फोटो : अमर उजाला
जिले के शाहाबाद कस्बे में मंगलवार दोपहर फोर लेन हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें केलवाड़ा और बारां जिला अस्पताल रैफर किया गया है।
मृतकों की पहचान 14 वर्षीय मनीष और 50 वर्षीय चरत जाटव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग घाट पूजन की रस्म में भाग लेकर मध्यप्रदेश के मोरई गांव से बिलखेड़ा डांग क्षेत्र के पाटन गांव लौट रहे थे।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: भाजपा कार्यालय में गूंजे कार्यकर्ताओं के मुद्दे, कर्नल राठौड़ बोले- हर समस्या का होगा समाधान
रास्ते में अचानक ट्रैक्टर के आगे मवेशी आ जाने से चालक ने ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक असंतुलित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कस्बे के पास हादसा होने के कारण बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवक तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से घायलों को ट्रॉली से निकालकर शाहाबाद चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों की कमी के बावजूद नर्सिंग स्टाफ और स्थानीय युवाओं ने सराहनीय कार्य किया, जिन्होंने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।