अंता में पोस्टर विवाद से सियासी हलचल बढ़ी
- फोटो : अमर उजाला
बारां में अंता विधानसभा उपचुनाव से पहले राजनीति गरमा गई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्टर ने सियासी हलचल तेज कर दी है, जिसमें निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा के साथ कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल की तस्वीर दिखाई दे रही है। पोस्टर के वायरल होते ही राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या गुंजल अब कांग्रेस उम्मीदवार की बजाय निर्दलीय नरेश मीणा का समर्थन कर रहे हैं। हालांकि कुछ ही घंटों बाद प्रहलाद गुंजल ने सार्वजनिक रूप से इसका खंडन करते हुए इसे पूरी तरह भ्रामक बताया।
‘मेरी तस्वीर का दुरुपयोग किया गया’
कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा कि खेराली गांव में नरेश मीणा के पोस्टर पर मेरी जो तस्वीर लगाई गई है, वह पूरी तरह गलत है। मैं कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता हूं और कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया के साथ खड़ा हूं।
उन्होंने अपील की कि उनकी तस्वीर किसी निर्दलीय या अन्य प्रत्याशी के साथ नहीं लगाई जाए। गुंजल ने कहा कि उनका किसी अन्य दल या उम्मीदवार से कोई संबंध नहीं है, और उनकी तस्वीर का उपयोग केवल कांग्रेस प्रत्याशी के प्रचार में ही किया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने उनकी तस्वीर का दुरुपयोग किया, तो यह भ्रामक प्रचार माना जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
नरेश मीणा के निर्दलीय उतरने से चुनाव बना त्रिकोणीय मुकाबला
अंता विधानसभा उपचुनाव में अब मुकाबला त्रिकोणीय होता दिख रहा है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कंवरलाल मीणा ने कांग्रेस के तत्कालीन मंत्री प्रमोद जैन भाया को हराया था। हालांकि बाद में अदालत के एक फैसले के बाद यह सीट रिक्त हो गई। इस बार 11 नवंबर को उपचुनाव की वोटिंग होगी और 14 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- Politics: ‘वे गुजरात भी गए थे, क्या जादू चला? अब बिहार से नया सर्टिफिकेट लेकर लौटेंगे’, गहलोत पर शेखावत का तंज
कांग्रेस ने एक बार फिर प्रमोद जैन भाया पर भरोसा जताया है, जबकि नरेश मीणा को टिकट न मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने का फैसला किया है। वहीं, भाजपा ने अपने उम्मीदवार के रूप में मोरपाल सुमन को उतारा है।
पोस्टर विवाद से कांग्रेस खेमे में सतर्कता बढ़ी
वायरल पोस्टर को लेकर कांग्रेस खेमे में भी सतर्कता बढ़ गई है। पार्टी नेताओं ने इसे भ्रम फैलाने की कोशिश बताया और कहा कि चुनाव से ठीक पहले इस तरह की फर्जी सामग्री फैलाकर मतदाताओं को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- घर में जिंदा जले भाई: सुबह अचानक भीषण आग की लपटों में घिरा मकान, दो लोगों की मौके पर मौत; तीसरा गंभीर