चालानी कार्रवाई करते परिवहन विभाग
- फोटो : अमर उजाला
जिले में बिना परमिट, निर्धारित समय-सारिणी का उल्लंघन कर और परिवहन नियमों की अनदेखी करते हुए संचालित निजी एवं लोक परिवहन बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग द्वारा पिछले दो दिनों से जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान अब तक 12 बसों के चालान किए गए हैं, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 3 बसों को सीज किया गया है।
जिला परिवहन अधिकारी डॉ. कल्पना शर्मा ने बताया कि परिवहन विभाग की टीमें विभिन्न मार्गों पर नियमित जांच कर रही हैं। अभियान के दौरान बिना वैध परमिट संचालित बसों, निर्धारित समय-सारिणी का पालन नहीं करने वाले वाहनों तथा परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और परिवहन व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: विदेश में नौकरी का झांसा, फिर साइबर स्कैम सेंटर में बंधक बनाकर कराते थे ठगी, 3 और आरोपी गिरफ्तार
मॉडिफाइड स्लीपर बसें भी विभाग के निशाने पर
डॉ. शर्मा ने बताया कि हाल ही में नियमों के विपरीत मॉडिफिकेशन कर संचालित की जा रही स्लीपर कोच बसों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। ऐसे वाहनों के खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग ने सभी बस संचालकों को वैध परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, टैक्स और अन्य आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ही बसों का संचालन करने के निर्देश दिए हैं। परिवहन निरीक्षक सूरज भान ने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।