गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय विवाद
- फोटो : अमर उजाला
बांसवाड़ा में गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित हुई। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया सम्मिलित हुए। संगोष्ठी के बाद हुए ग्रुप फोटो सेशन का एक फोटो वायरल होने से विवाद खड़ा हो गया है। फोटो में राज्यपाल के साथ कुर्सी पर कुलगुरु और विश्वविद्यालय के अधिकारी बैठे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी के विधायक कैलाश मीणा पीछे कतार में खड़े हैं। अपनी अनदेखी पर गुस्साए विधायक का कहना है कि वे सही समय और स्थान पर जवाब देंगे। दूसरी ओर भारत आदिवासी पार्टी ने इसे आदिवासियों का अपमान बताया है।
गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय में विकसित भारत के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी हुई थी। संगोष्ठी के बाद ग्रुप फोटो खिंचवाया गया। इसमें राज्यपाल कटारिया के साथ कुलगुरु केशवसिंह ठाकुर, कुलसचिव कश्मीकौर, वित्त नियंत्रक उदयसिंह मीणा बैठे हैं, जबकि पीछे विश्वविद्यालय के कार्मिकों के साथ साफा पहने विधायक कैलाश मीणा खड़े हैं। इस फोटो के वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। कुलगुरु ठाकुर ने विवाद सामने आने के बाद सारा ठीकरा व्यवस्थाओं में लगे कार्मिकों पर फोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि असम्मान की बात नहीं है, किंतु व्यवस्था में लगे कार्मिकों को ध्यान देना चाहिए था।