फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डूंगरपुर सड़क हादसा: बोलेरो ने दो बाइकों को मारी टक्कर, तीन की मौत, चालक फरार; ड्यूटी से घर लौट रहे थे

Mon, 27 Jul 2026 04:40 PM IST
बांसवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, डूंगरपुर

सार

डूंगरपुर के वरदा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में आरएसी हेड कांस्टेबल धुलसिंह चौहान समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल है। चालक फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

विज्ञापन
मृतक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

डूंगरपुर जिले के वरदा थाना क्षेत्र में रविवार रात तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से हुए भीषण सड़क हादसे में आरएसी के हेड कांस्टेबल समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक बोलेरो लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8:30 बजे आंतरी गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने पीछे से एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर 13वीं आरएसी बटालियन में तैनात हेड कांस्टेबल धुलसिंह चौहान (55) और उनके चचेरे भाई महिपाल सिंह (54) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पहली दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक मौके से भागने लगा। कुछ दूरी पर उसने दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दी। इस बाइक पर दिनेश रोत (21) और संदीप (29) सवार थे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने चारों घायलों को तत्काल डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद धुलसिंह चौहान और दिनेश रोत को मृत घोषित कर दिया। महिपाल सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। चौथे घायल संदीप का इलाज डूंगरपुर जिला अस्पताल में जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

विज्ञापन


पढे़ं:  राजस्थान की आबादी का 12% जेन-जी, सियासत में उलटफेर करने में सक्षम; काम करेगा BJP-कांग्रेस का ये पैतरा?

हेड कांस्टेबल धुलसिंह चौहान के बेटे दिग्विजय सिंह चौहान की रिपोर्ट पर वरदा थाने में मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, धुलसिंह चौहान ड्यूटी पूरी कर अपने चचेरे भाई महिपाल सिंह के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर वरदा थाना पुलिस मौके और अस्पताल पहुंची। तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, दुर्घटना कर फरार होने और गैर इरादतन मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।

हेड कांस्टेबल धुलसिंह चौहान डूंगरपुर जिला कारागार में तैनात थे। सोमवार को उनके पैतृक गांव वरदा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी और पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, पुलिस अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

हादसे में जान गंवाने वाले 21 वर्षीय दिनेश रोत उदयपुर में डीएमएलटी (डिप्लोमा इन मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी) की पढ़ाई कर रहे थे। वह किसान परिवार से थे और चार भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। उनके पिता खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें