निवर्तमान सभापति के फार्म हाउस में पहुंची वन विभाग की टीम।
बांसवाड़ा के जिला मुख्यालय से सटे आला पृथ्वीगढ़ गांव में नगर परिषद के निवर्तमान सभापति जैनेन्द्र त्रिवेदी के फार्म हाउस में बुधवार दोपहर लेपर्ड घुस आया। वह खेत में उगाई गई घास में दुबक गया। सूचना पर वन विभाग की टीम भी पहुंची, लेकिन उसका रेस्क्यू नहीं कर पाई है ।
निवर्तमान सभापति त्रिवेदी ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब पौने दो बजे की है। फॉर्म पर काम करने वाले कार्मिक कालू ने कॉल कर बताया कि फार्म हाउस में लेपर्ड घुस आया है। त्रिवेदी ने वन विभाग की टीम को सूचना दी। इसके बाद रेंजर संतोष डामोर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम पहुंची। करीब एक घंटे तक तलाशी अभियान चलता रहा। फार्म हाउस के एक हिस्से में स्थित खेत में 10 फीट ऊंची नेपियर घास उगी हुई होने के कारण अंदर जाकर देखना मुश्किल रहा। टीम ने फॉर्म हाउस के कर्मचारियों सहित आसपास के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी।
ये भी पढ़ें-सर्किट हाउस के सामने सड़क पर टहलता दिखा लेपर्ड, क्षेत्र में दहशत
आला पृथ्वीगढ़ वन क्षेत्र वन विभाग की बांसवाड़ा रेंज के अधीन है। पांच नंबर, बाईतालाब, आला पृथ्वीगढ़, मंदारेश्वर के पीछे आदि क्षेत्र जंगल है। इन क्षेत्रों में अक्सर लेपर्ड की साइटिंग होती रहती है। विशेष रूप से गर्मी के सीजन में वन क्षेत्र में पानी की दिक्कत होने पर लेपर्ड आबादी क्षेत्र में आते हैं। बांसवाड़ा जिले में पिछले वर्ष हुई वन्य जीव गणना में सौ से अधिक लेपर्ड रेंज में गिने गए थे।