जिले की भूंगड़ा थाना पुलिस और जिला स्पेशल ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियार निर्माण का मामला सामने आया है। मियांसा गांव में देर रात की गई छापेमारी के दौरान एक 71 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उसके घर से देसी हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाला पूरा सेटअप, तैयार और अर्धनिर्मित हथियार तथा अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मियांसा गांव स्थित एक मकान में अवैध रूप से देसी हथियार तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और डीएसबी की संयुक्त टीम ने दबिश दी। तलाशी के दौरान एक तैयार देसी बंदूक, एक अर्धनिर्मित बंदूक, चार नई बैरल (नाल), एक पुरानी जंग लगी बैरल तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त कच्चा माल और अन्य उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी घर में खाट पर घायल अवस्था में मिला। पुलिस के अनुसार वह कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में घायल हुआ था। हादसे में उसकी पसलियों में फ्रैक्चर और पैर में गंभीर चोट आई थी। इसके अलावा वह हृदय रोग और उच्च रक्तचाप से भी पीड़ित बताया गया है।
ये भी पढ़ें: Sri Ganganagar Case: हाथों में रचनी थी हिना, लगी हथकड़ी, शादी करने न्यूजीलैंड से आए NRI पर दुष्कर्म का आरोप
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को पहले घाटोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। वहां जांच के दौरान उसकी पल्स रेट सामान्य से अधिक मिलने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बांसवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रैफर कर दिया, फिलहाल उसका उपचार पुलिस निगरानी में जारी है। भूंगड़ा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी कब से अवैध हथियार बना रहा था, ये हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे और इस पूरे नेटवर्क में अन्य किन लोगों की भूमिका हो सकती है। बरामद हथियारों और उपकरणों की फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी।