फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बांसवाड़ा-डूंगरपुर निकाय चुनाव: पार्टियों की सूची का इंतजार, दावेदारों ने बिना टिकट ही भर दिए नामांकन

Sun, 30 Aug 2026 01:49 PM IST
बांसवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांसवाड़ा

सार

राजस्थान के वागड़ क्षेत्र में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बांसवाड़ा और डूंगरपुर नगर परिषद समेत कुशलगढ़, परतापुर-गढ़ी और सागवाड़ा नगरपालिका के लिए भाजपा, कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी ने अभी तक उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है।
विज्ञापन
नामांकन पत्र लेने पहुंचे चुनाव लड़ने के इच्छुक लोग। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वागड़ में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। बांसवाड़ा और डूंगरपुर नगर परिषद के साथ कुशलगढ़, परतापुर-गढ़ी और सागवाड़ा नगरपालिका चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी ने अब तक अपने अधिकृत उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है। इसके बावजूद कई टिकट दावेदारों ने पार्टियों की सूची का इंतजार किए बिना शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल कर दिए। अब नामांकन दाखिल करने के लिए सिर्फ 31 अगस्त का दिन बचा है। राजनीतिक दलों की ओर से सूची जारी नहीं करने के पीछे टिकट के दावेदारों की संभावित बगावत रोकने की रणनीति को प्रमुख कारण माना जा रहा है।

शनिवार को 250 से ज्यादा नामांकन पत्र लिए गए

नगर निकाय चुनाव को लेकर बांसवाड़ा में शनिवार को बड़ी संख्या में दावेदार रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय पहुंचे और नामांकन पत्र लिए। शाम तक 250 से अधिक नामांकन पत्र लिए जाने की जानकारी सामने आई। वहीं, 28 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें कई उम्मीदवारों ने अपने नामांकन फार्म में राजनीतिक दलों का उल्लेख किया है, जबकि संबंधित पार्टियों की अधिकृत सूची अभी जारी नहीं हुई है।

भाजपा-कांग्रेस एक-दूसरे के उम्मीदवारों पर नजर

भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल एक-दूसरे की उम्मीदवार सूची का इंतजार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि दोनों पार्टियां वार्डवार प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशियों की स्थिति देखकर अंतिम उम्मीदवारों का चयन करना चाहती हैं। वहीं, कुछ वार्डों में पार्टी से टिकट नहीं मिलने की स्थिति में समाज के मतदाताओं की संख्या और स्थानीय समीकरणों को देखते हुए दावेदार निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे कई दावेदार सोमवार को नामांकन दाखिल करने की तैयारी पूरी कर चुके हैं।

बांसवाड़ा में इन वार्डों से भरे गए नामांकन

बांसवाड़ा नगर परिषद के रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में शनिवार को प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की काफी चहल-पहल रही। वार्ड 1 से 20 तक कुल 9, वार्ड 21 से 40 तक 8 और वार्ड 41 से 60 तक 11 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।

विज्ञापन

कुछ दावेदारों का कहना है कि पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें नामांकन फार्म भरने के लिए कहा था। इसी वजह से उन्होंने पार्टी की अधिकृत सूची का इंतजार नहीं किया और नामांकन दाखिल कर दिया। उनका कहना है कि पार्टी सिंबल से संबंधित अधिकृत पत्र बाद में जमा कराया जा सकता है। वहीं, परतापुर-गढ़ी नगरपालिका के लिए शनिवार को 9 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।

डूंगरपुर नगर परिषद में 25 पर्चे दाखिल

डूंगरपुर नगर परिषद के लिए शनिवार को कुल 25 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इनमें वार्ड नंबर 1 से 2, वार्ड 2 से 1, वार्ड 7 से 2, वार्ड 13 से 1, वार्ड 14 से 1, वार्ड 15 से 2, वार्ड 16 से 1, वार्ड 17 से 1, वार्ड 20 से 1, वार्ड 24 से 1, वार्ड 25 से 1, वार्ड 30 से 2, वार्ड 32 से 1, वार्ड 34 से 2, वार्ड 36 से 1, वार्ड 37 से 1, वार्ड 38 से 2 और वार्ड नंबर 40 से 2 नामांकन पत्र प्राप्त हुए।

सागवाड़ा नगरपालिका में 23 नामांकन

नगरपालिका सागवाड़ा के लिए शनिवार को कुल 23 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इनमें वार्ड 1 से 3, वार्ड 2 से 1, वार्ड 3 से 2, वार्ड 4 से 1, वार्ड 5 से 2, वार्ड 7 से 1, वार्ड 8 से 3, वार्ड 13 से 1, वार्ड 16 से 1, वार्ड 20 से 1, वार्ड 29 से 1, वार्ड 30 से 1, वार्ड 31 से 2, वार्ड 34 से 1 और वार्ड 35 से 2 नामांकन पत्र शामिल हैं।

31 अगस्त को नामांकन का आखिरी मौका

नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त निर्धारित है। ऐसे में अब राजनीतिक दलों पर उम्मीदवारों की सूची जल्द जारी करने का दबाव बढ़ गया है। अंतिम दिन बड़ी संख्या में नामांकन दाखिल होने की संभावना है। टिकट वितरण के बाद पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों और निर्दलीय दावेदारों की तस्वीर भी स्पष्ट हो जाएगी। फिलहाल भाजपा, कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी के दावेदार अपनी-अपनी उम्मीदवारी को लेकर सक्रिय हैं। पार्टियों की सूची जारी होने के बाद यह भी साफ होगा कि किन वार्डों में टिकट को लेकर बगावत या निर्दलीय प्रत्याशियों की चुनौती सामने आती है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें