बांसवाड़ा-डूंगरपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बांसवाड़ा और डूंगरपुर में विरोध प्रदर्शन किया। बांसवाड़ा में आदिवासी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मोहन कॉलोनी चौराहे पर टायर जलाकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
आदिवासी समाज की आस्था का केंद्र है मानगढ़ धाम
आदिवासी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रकाश निनामा ने कहा कि मानगढ़ धाम आदिवासी समाज के लिए ऐतिहासिक और भावनात्मक आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने सरकार से इसे जल्द राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा देने की मांग की, ताकि इसके ऐतिहासिक महत्व को राष्ट्रीय पहचान मिल सके।
केंद्रीय मंत्री के बयान पर कांग्रेस ने जताई नाराजगी
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के उस बयान पर भी नाराजगी जताई, जिसमें मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने संबंधी किसी प्रस्ताव के आने से इनकार किया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजेंद्र राठौड़ और भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मांग जल्द पूरी नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में मनोहर खड़िया, प्रकाश मेड़ा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डूंगरपुर में बारिश के बीच निकली बाइक रैली
इधर, डूंगरपुर में भी कांग्रेस ने मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा नहीं दिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष और विधायक गणेश घोघरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बारिश के बीच बाइक रैली निकाली। रैली पार्टी कार्यालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। कार्यकर्ताओं ने हाथों में कांग्रेस के झंडे लेकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
यह भी पढ़ें:
युवक की दिनदहाड़े हत्या; नकाबपोश बदमाशों ने की ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन के बाद एडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से उनके बयान पर माफी मांगने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।