पुलिस की ओर से गिरफ्तार होटल संचालक और महिलाएं।
जिला पुलिस की विशेष टीम और सागवाड़ा थाना पुलिस ने एक होटल में दबिश देकर वेश्यावृत्ति का भंडाफोड़ किया है। मामले में होटल संचालक समेत पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। सागवाड़ा कस्बे में की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब होटल संचालक और महिलाओं से पूछताछ कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा ने बताया कि सागवाड़ा कस्बे के होटल संतोष में वेश्यावृत्ति की जानकारी मिली थी। इस पर उप अधीक्षक तपेन्द्र मीणा और जिला पुलिस की विशेष टीम को सागवाड़ा भेजा गया। इसके बाद सागवाड़ा पुलिस थाने की टीम के साथ होटल पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
कांस्टेबल को बनाया बोगस ग्राहक
टीम ने एक कांस्टेबल को 500 रुपये के दो नोट देकर बोगस ग्राहक के रूप में होटल भेजा। काउंटर पर एक व्यक्ति बैठा था। उसके समीप ही पांच महिलाएं भी थीं। कांस्टेबल ने काउंटर पर बैठे व्यक्ति से लड़की उपलब्ध कराने की बात कही। कुछ देर बातचीत के बाद एक हजार रुपये में बात तय हुई और वहां बैठी महिलाओं में से पसंदीदा एक को कमरे में ले जाने को कहा। कांस्टेबल एक महिला का कमरे में ले गया। इसी दौरान उसने बाहर टीम को इशारा कर दिया। इशारा पाते ही टीम ने होटल पर धावा बोल दिया। होटल की पहली मंजिल पर काउंटर पर बैठे व्यक्ति के साथ चार महिलाओं को पकड़ा। साथ ही कांस्टेबल के साथ गई महिला को भी धर लिया।
ये भी पढ़ें- स्कूल में दबंगई, मिलने से कतरा रहे प्रिंसिपल, FIR के बाद भी अभिभावकों को मिल रही धमकी, जानें मामला
आरोप कबूला, सभी गिरफ्तार
पूछताछ में होटल संचालक ने अपना परिचय प्रभु पुत्र हुरजी डोडियार निवासी जोगपुर बताया। उसने महिलाओं से वेश्यावृत्ति करवाने की बात कबूल कर बताया कि हर ग्राहक से एक हजार रुपये लेता था। 500 रुपये महिला को और 500 रुपये होटल के कमरे की एवज में लिए जाते थे। पुलिस ने सभी पांचों महिलाओं को भी गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ की जा रही है।