बांसवाड़ा से सूरत जाते समय वड़ोदरा में दुर्घटनाग्रस्त निजी बस।
- फोटो : अमर उजाला
बांसवाड़ा से गुजरात के सूरत जा रही एक निजी स्लीपर बस बुधवार को वडोदरा में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। कोटांबी स्टेडियम के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 यात्री घायल हो गए। मृतकों में एक 9 वर्षीय बालक भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार बालाजी ट्रेवल्स की लग्जरी स्लीपर बस बांसवाड़ा से सूरत जा रही थी। हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम के निकट बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री बस के भीतर फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही गुजरात एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और वडोदरा फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: Kota News: प्रसूताओं से मिलने अस्पताल पहुंचे गहलोत, सरकार पर लापरवाही के आरोप, जांच पर उठाए सवाल
हादसे में डूंगरपुर जिले के पाडवा निवासी पिंकी भाटिया (36), टामटिया निवासी प्रीत (9), डूंगरपुर निवासी महेंद्र कुमार पंड्या (68), सागवाड़ा निवासी विनोद डामोर (30), बस चालक मुकेश डिंडोर (34), हरजिंग भाई वलजी भाई कटारा (30) तथा एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही या बस के नियंत्रण खोने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। दुर्घटना के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस और प्रशासन की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।