फर्जी दस्तावेज बनाने वाले जयपुर से गिरफ्तार।
- फोटो : अमर उजाला
जैसलमेर के एक होटल में किशोर कुमार बनकर काम करने वाले बांग्लादेश के मोहम्मद मेहमूद आलम को एटीएस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मेहमूद आलम फर्जी दस्तावेजों के साथ भारत में लंबे समय से रह रहा था। आरोपी के फर्जी दस्तावेज बनाने वाले दो अन्य युवकों को एटीएस ने जयपुर से गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है। एटीएस तीनों से पूछताछ कर रही है।
बताया जा रहा है कि मोहम्मद मेहमूद आलम बांग्लादेश का नागरिक है। फर्जी दस्तवेजों के जरिए वह लंबे समय से भारत में रह रहा था। राजस्थान के अलावा वह दिल्ली और पंजाब में भी काम कर चुका है। जोधपुर में इलाज के दौरान उसके पासपोर्ट के आधार पर किशोर कुमार बने मोहम्मद मेहमूद आलम का खुलासा हुआ। पूछताछ के बाद फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पाकिस्तान भी जा चुका है बांग्लादेशी
एटीएस की पूछताछ में ये सामने आया कि मोहम्मद मेहमूद आलम बचपन में काम करने के उद्देश्य से पाकिस्तान गया था। वहां पर उसने पाकिस्तानी महिला से शादी भी की थी। कोरोना काल में वह बांग्लादेश आया, बाद में बांग्लादेशी पासपोर्ट और वीजा के जरिए वह भारत पहुंचा। यहां फर्जी नाम बताकर दिल्ली, अमृतसर और राजस्थान में रहने लगा। इस दौरान उसने होटलों में काम किया।
जयपुर से बनाए आधार और वोटर कार्ड
राजस्थान में रहने के दौरान मोहम्मद मेहमूद आरोपी परमानन्द भेरवानी उर्फ नन्दू और दीपक यादव के संपर्क में आया। यहां उसने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किशोर कुमार के नाम से वोटर आईडी और आधार कार्ड बनवा लिया। आरोपी जैसलमेर के एक होटल में चाय बनाने और बर्तन धोने का काम करता था।
जोधपुर में इलाज के दौरान हुआ खुलासा
आरोपी मोहम्मद बीमार हुआ तो इलाज कराने के लिए वह जोधपुर के एमडीएम हॉस्पिटल पहुंचा। यहां पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों में नाम में गड़बड़ी दिखने से अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की जानकारी पर एटीएस ने आरोपी मोहम्मद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने दो अन्य युवकों के बारे में बताया जिन्होंने उसके आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड बनाए थे।
जयपुर के 2 युवक पकड़े गए
एटीएस-एसओजी के एडीजी वीके सिंह ने बताया कि जैसलमेर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद मेहमूद आलम टूलू उर्फ किशोर कुमार (63) के फर्जी दस्तावेज बनाने वाले जयपुर निवासी आरोपी परमानन्द भेरवानी उर्फ नन्दू और दीपक यादव को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।