सीआईडी-सीबी ने दुष्कर्म मामले में फंसे पूर्व खादी राज्य मंत्री बाबू लाल नागर की गिरफ्तारी की तैयारी शुरू कर दी है। जांच एजेंसी मोबाइल लोकेशन के जरिए नागर का पता लगाने में जुटी है।
अब नागर को पकड़कर उनकी मेडिकल जांच करवाई जाएगी। नागर अभी तक मेडिकल जांच से बचने के लिए बच रहे हैं। सीआईडी सीबी ने नागर के सरकारी आवास पर नोटिस भेजकर 25 तक मेडिकल जांच के लिए उपस्थित रहने को कहा था।
नागर के परिजनों जांच एजेंसी को पत्र लिखकर नागर धार्मिक यात्रा पर निकल जाने की सूचना दी थी और कहा था कि जब वे आ जाएंगे, तो उपस्थित हो जाएंगे। सीआईडी के समक्ष नागर के उपस्थित होने की डेड लाइन बुधवार को समाप्त हो गई, लेकिन नागर नहीं आए।
आंजना को छोड़ पीड़िता के पीछे पड़ी पुलिस
एक अन्य मामले में दुराचार के आरोप में फंसे कांग्रेस विधायक उदय लाल आंजना को छोड़ पुलिस पीडिता के पीछे पड़ गई है। पुलिस पीड़िता के मकान, जायदाद और निकटतम परिजनों की सूचना एकत्र करने में जुटी है।
सीआईडी-सीबी ने नागौर जिले के मुण्डवा पुलिस थाने के प्रभारी को पीडि़ता के मकान, जमीन-जायदाद के रेवेन्यू रिकॉर्ड एवं निकटतम रिश्तेदारों की जानकारी के लिए निर्देश दिए गए हैं।