ऑटो चालक को सम्मनित करते एसपी।
- फोटो : Amar Ujala Digital
हनुमानगढ़ से एक नाबालिग बच्ची का किडनैप कर अजमेर लेकर पहुंचे बदमाश को पुलिस ने एक ऑटो चालक की मदद से रात तीन बजे गिरफ्तार कर लिया। बच्ची और आरोपी को हनुमानगढ़ पुलिस को सौंप दिया गया।
एसपी चूनाराम ने बताया कि हनुमानगढ़ जिला पुलिस से सूचना मिली थी कि एक युवक नाबालिग बच्ची को किडनैप कर अजमेर की ओर निकला है। युवक की लोकेशन अजमेर आ रही है, पुलिस ने बच्ची और किडनैपर का फोटो भी उपलब्ध कराया था। इसके बाद सिविल लाइंस थाना प्रभारी दलबीर सिंह फौजदार के नेतृत्व में गठित टीम और डीएसटी की टीमें बच्ची और किडनैपर की तलाश में जुटे। सायं सात बजे सूचना मिली थी, पुलिस ने सभी ऑटो चालकों को आरोपी युवक का फोटो उपलब्ध करवाकर ध्यान रखने के लिए कहा गया। रात तीन बजे ऑटो चालक जाकिर हुसैन ने सिविल लाइंस थाना पुलिस को सूचित किया कि एक युवक और बच्ची बस से उतरे हैं, और दो तीन ऑटो वालों से कहीं जाने के लिए बात की है। वह पूछ रहे हैं कि शहर में किसी होटल में एक माह के लिए कमरा मिलेगा क्या? ऑटो चालकों से किसी कॉलोनी में एक माह के लिए कमरा किराया पर लेने की बात कर रहे हैं।
जाकिर ने बताया कि उसने युवक और बच्ची को कहा कि बस स्टैंड के अंदर जाकर बैठ जाए फिर करवाते हैं व्यवस्था। जाकिर ने बस स्टैंड से बाहर आकर सीधे पुलिस को सूचना दे दी, पुलिस दल बस स्टैंड पहुंचा और युवक व बच्ची को थाने पर लाया आया। एसपी चूनाराम ने कहा कि ऑटो चालक जाकिर हुसैन ने पुलिस का सहयोग कर प्रशंसनीय कार्य किया है। उसकी सूझबूझ से आरोपी किडनैपर पकड़ा गया, बच्ची को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया। जाकिर हुसैन के इस कार्य को सम्मान देने के लिए जिला पुलिस की ओर से उसे प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है।
इधर, ऑटो चालक को जिला पुलिस की ओर से एसपी चूनाराम ने ऑटो चालक को शाबाशी देते हुए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर सिविल लाइन थानाधिकारी दलबीर सिंह फौजदार भी मौजूद रहे। ऑटो चालक ने कहा कि एसपी साहब ने सम्मान किया, मेरा सीना गर्व से चौड़ा हो गया। अजमेर एसपी चूनाराम जाट ने कहा कि रात्रि ड्यूटी में लगे प्रत्येक ऑटो वाले या अन्य कोई भी काम करने वाले व्यक्ति को सचेत रहना चाहिए। यदि कहीं अपराध होते दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।