सीकर के राधाकिशनपुरा स्थित घनश्याम सैनी के मकान में बीती देर रात बदमाश घर का मेन गेट बंद कर खिड़की तोड़ते हुए लूट की वारदात को अंजाम देने आ धमके। इससे पहले कि वो कुछ कर पाते परिवार के लोग जाग गए। बदमाश वारदात को अंजाम नहीं दे पाए और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस सरगर्मी से डकैत गैंग को तलाश रही है। घटना की सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश निकल भागे। डीएसपी शहर वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि जैसे ही घटना की सूचना पुलिस को मिली, तो उद्योग नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और बदमाशों का पीछा किया।
चुराई गई दो बाइक छोड़कर फरार हुए बदमाश
डकैती का प्रयास करने के बाद जब पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, तो बदमाश चोरी की गई दो मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। वहीं, पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश करने में जुटी है।