महानायक अमिताभ बच्चन ने बूंदी के एक सरकारी स्कूल की टीचर शोभा कंवर को चिट्ठी लिखकर खूब तारीफ की है। बेटियों की शिक्षा को लेकर शिक्षिका की ओर से किए जा रहे प्रयासों से बिग बी बेहद प्रभावित हैं। इसलिए उन्होंने बूंदी की शोभा कंवर को 11 लाख रुपये का चेक भेजा है।
आदरणीय शोभा जी,
सादर नमस्कार, हर अच्छे शिक्षक को शिक्षा का महत्व और उसकी शक्ति का पूर्ण आभास रहता है। शिक्षा वो कुंजी है जिससे एक स्वतंत्र जीवन का सुनहरा द्वार खुल सकता है।
शिक्षा केवल पढ़ने, लिखने और गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि औपचारिक शिक्षा एक बेहतर इंसान और एक बेहतर समाज के निर्माण में काम आने वाले ज्ञान और कला का साधन है। अच्छी शिक्षा इंसान को व्यक्तिगत, सामाजिक और कार्यक्षेत्र में भी उन्नति करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ये न केवल हमें हर्षित करती है, हमारी जिज्ञासा को जागृत करती है, बल्कि समस्याओं का सुचारु रूप से समाधान निकालने में और दूसरों की सहायता करने के लिए प्रेरित भी करती है।
शिक्षा के अनेकों फायदों में से एक है कि ये, विद्यार्थियों के लिए एक शिक्षा केंद्र से बाहर भी कई अपरिचित मार्ग खोल देती है। जिसमें चलकर उन्हें देश और दुनिया कि संस्कृति का बोध होता है और उनका व्यक्तित्व भी निखारता है। एक बेटी को शिक्षित करना उसके पूरे परिवार को शिक्षित करने के बराबर होता है। इस बात को यदि कोई न केवल अच्छे से समझता है बल्कि एक दृढ़ संकल्पित प्रयास भी करता है तो वो हैं... आप !