अलवर में वैशाली नगर थाना पुलिस ने साइबर संग्राम अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए छह शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी बैंक खातों को किराए पर देकर साइबर ठगों की मदद करते थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में करीब 85 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।
किराए पर लेते थे बैंक खाते, फिर निकलवाते थे ठगी की रकम
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये आरोपी बैंक खातों को खरीदने, बेचने और किराए पर लेकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। साइबर ठग इन खातों में ठगी की रकम जमा करवाते और फिर आरोपी कमीशन लेकर पैसा निकालते थे। इस तरह से ठगी की रकम का दोष खाताधारक पर ही आता और असली ठग बच निकलते।
आरोपियों के पास से बरामद सामान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पुलिस ने दो एटीएम कार्ड, दो बैंक पासबुक और छह मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि ये सभी आरोपी लाखों रुपये लेकर बैंक खाते साइबर अपराधियों को किराए पर देते थे।
यह भी पढ़ें- Banswara News: दिल्ली में सात फेरों के बाद मिला धोखा, शादी का झांसा देकर ठगने वाली दुल्हन और दो एजेंट गिरफ्तार
बोलेरो से मिली थी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना
डीएसटी टीम को साइबर फ्रॉड से संबंधित सूचना मिली थी। इस आधार पर पुलिस टीम को जेएस फॉर लाइन के पीछे खाली जगह पर भेजा गया, जहां एक बोलेरो गाड़ी में छह लोग बैठे मिले। जांच के दौरान उनके मोबाइल फोन से संदिग्ध डिटेल सामने आई। पुलिस ने इन्हें थाने लाकर मोबाइल नंबर और खातों की जानकारी साइबर पोर्टल पर चेक की, जिससे उनकी ठगी की असलियत उजागर हो गई।
साइबर संग्राम अभियान का असर
एसपी के निर्देश पर अलवर जिले में चल रहे साइबर संग्राम अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि इस अभियान में अब तक कई बड़ी कार्रवाइयां की जा चुकी हैं। बीते दिन भी बगड़ पुलिस ने साहड़ोली से एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया था।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: खाद्य मंत्री के गृह जिले में नकली घी फैक्टरी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार; केमिकल और मशीनें बरामद