शहर के सदर थाना क्षेत्र में जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर के घर परिवार को बंधक बनाकर हुई हाई-प्रोफाइल लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने से पहले तीन आरोपियों ने कई बार इलाके की रेकी की थी। घटना में कुल पांच बदमाश शामिल थे, जिनमें से चार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। अधिकांश आरोपी रामगढ़ और खैरथल-तिजारा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने वारदात के बाद लूटे गए सामान का कुछ हिस्सा बेचकर एक बाइक खरीदी थी। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से लूट, डकैती और हत्या जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं और जांच आगे बढ़ने पर अन्य खुलासे भी हो सकते हैं। रविवार को पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां उनकी निशानदेही पर मौका नक्शा तैयार कराया गया और वारदात की मौका तस्दीक कराई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
ये भी पढ़ें: हड़ताल पर हैं राजस्थान के ट्रांसपोर्टर्स: 10 हजार ट्रकों के पहिए थमे, VLTD से ई-चालान तक समझिए पूरा विवाद
सदर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुनियोजित तरीके से रेलवे ट्रैक के रास्ते फरार हुए थे, ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके। हालांकि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई तलाश के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य भी बताए हैं। मौका तस्दीक के दौरान पुलिस ने आरोपियों से पूरी वारदात का घटनाक्रम दोहरवाया और उनकी निशानदेही पर घटनास्थल का विस्तृत मौका नक्शा तैयार किया। जांच अधिकारियों ने विभिन्न बिंदुओं का सत्यापन किया, ताकि न्यायालय में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें।
जब पुलिस आरोपियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंची तो स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत भी किया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि पुलिस ने कम समय में इस चर्चित लूटकांड का खुलासा कर आमजन का विश्वास मजबूत किया है। गौरतलब है कि जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर के घर हुई लूट की घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू की थी। फिलहाल एक फरार आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।