अलवर जिले के खेरली कस्बे के पास दांतिया गांव में रविवार को एक महिला ने कथित तौर पर अपने दो मासूम बच्चों पर कैंची से वार कर दिए। इसके बाद उसने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना में महिला और उसके दोनों बच्चों की मौत हो गई। वहीं, बीच-बचाव के दौरान सदमे में आई महिला की छोटी बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
कमरा बंद कर दिया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऊषा शर्मा ने अपनी चार वर्षीय बेटी रितिका को घर के बाहर खेलने जाने से मना किया था। इसके बाद वह दोनों बच्चों को कमरे में ले गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कमरे से बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने दरवाजे को धक्का देकर खोला तो अंदर बच्चों और ऊषा को लहूलुहान हालत में देखकर स्तब्ध रह गए। अपनी बड़ी बहन और दोनों बच्चों की हालत देखकर ऊषा की छोटी बहन मनीषा बदहवास हो गई। वह रोते हुए दीवार और जमीन पर सिर पटकने लगी। ग्रामीणों ने स्थिति संभालते हुए चारों घायलों को खेरली के उपजिला अस्पताल पहुंचाया।
पढे़ं: राजस्थान: जैसलमेर में सेना ने दिखाई ताकत, बहु-आयामी युद्ध परिस्थितियों में परखी परिचालन क्षमता
अस्पताल में तीन लोगों की मौत
उपजिला अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के दौरान पांच वर्षीय मुकुल को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, उपचार के दौरान ऊषा और उसकी चार वर्षीय बेटी रितिका ने भी दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल मनीषा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। घटना के समय ऊषा के ससुर बृजभूषण शर्मा गांव में चुनाव के दौरान एक प्रत्याशी के प्रचार के लिए गए हुए थे। वहीं, परिवार की सास और ननद, मनीषा और उसके पति अंकित के दोनों बच्चों को लेकर खेत पर गई हुई थीं।ऊषा का पति अमित शर्मा गुजरात में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है, जबकि मनीषा का पति अंकित शर्मा जयपुर के एक निजी अस्पताल में नर्सिंगकर्मी है। ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों को घटना की जानकारी दे दी है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर कठूमर सीओ जोगिंदर सिंह राजावत और खेरली थाना पुलिस दांतिया गांव पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। मां और दोनों बच्चों के शव खेरली कस्बे के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे के कारणों की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।