खैरथल-तिजारा जिला प्रभारी मंत्री तथा कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बुधवार को रीको गेस्ट हाउस, भिवाड़ी में बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों, व्यक्तिगत और सार्वजनिक लाभ की योजनाओं व जिले से सम्बंधित राज्य बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में डॉ. किरोड़ी लाल ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव द्वारा दिए गए सुझावों ''वेस्ट टू एनर्जी'' परियोजना और भिवाड़ी मास्टर ड्रेनेज प्लान पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने इन योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए अब तक किए प्रयासों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने ‘नॉन-फिजेबल’ श्रेणी के गांवों में स्थाई समाधन की कार्य योजना बनाने तथा तत्काल रूप से वहां पेयजल आपूर्ति टैंकरों के माध्यम से करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने चिकित्सा विभाग द्वारा जिले में हीट वेव व लू-तापघात से बचाव हेतु की गई तैयारियों की समीक्षा कर सीएमएचओ को निर्देश दिए कि चिकित्सा संस्थानों में हीट वेव मरीजों के लिए आरक्षित बैड, कूलर, पंखे, एसी, वाटर कूलर, ओरआरएस के पैकेट, दवाइयां इत्सादि की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। साथ ही आमजन को हीट वेव व लू-तापघात से बचाव हेतु सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना के तहत चिकित्सा संस्थानों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने जिले में भवन रहित चिकित्सा संस्थानों की वस्तुस्थिति जानकर उनके भवन निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भिजवाने के निर्देश दिए।
जिले के किसानों को योजनाओं से कराए लाभांवित
डॉ. मीणा ने कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक को निर्देशित किया कि तारबंदी, पॉली हाउस निर्माण, ग्रीन हाउस, ड्रीप सिस्टम, मिनी फव्वारा और स्प्रिंकलर, मल्च इत्यादि योजनाओं में जिले के लक्ष्य अनुसार प्रगति अर्जित करें तथा गांवों में संगोष्ठियों और चौपालों के माध्यम से इन योजनाओं की जानकारी प्रदान कर उन्हें लाभांवित करें। उन्होंने कृषि विपणन विभाग के अधिकारी से जिले में कृषि उपज बेचान की मंडियों की वस्तुस्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। पीएम सूर्य घर योजना से करें लाभांवित लोगों को उन्होंने जले या खराब ट्रांसफार्मर की तुरन्त मरम्मत करवाने के निर्देश दिए।