जयपुर, बीकानेर, जोधपुर सहित राजस्थान के आठ रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इन स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यात्रियों और ट्रेनों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी तरह की कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है।
लेटर में राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और धार्मिक स्थानों को भी उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को जैश-ए-मोहम्मद का जम्मू-कश्मीर एरिया कमांडर मोहम्मद सलीम अंसारी बताया है। अलवर रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस हर आने-जाने वालों की जांच कर रही है। स्टेशन अधीक्षक तारा चंद ने बताया कि अलवर रेलवे स्टेशन सहित सभी आठ रेलवे स्टेशन पर चौकसी बढ़ा दी गई है। इन सभी रेलवे स्टेशन पर पुलिस बल और जीआरपी पुलिस के अलावा साथ ही सुरक्षा बल भी तैनात किए जा रहे हैं।
इस पत्र को अलवर में भी भेजा गया है, जिसमें लिखा है कि "ऐ खुदा मुझे माफ कर, जम्मू-कश्मीर में मारे जा रहे हमारे जिहादियों की मौत का बदला जरूर लेंगे। हम ठीक 30 अक्तूबर को जयपुर, जोधपुर, अलवर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, बूंदी, उदयपुर, बीकानेर, जयपुर मंडल, मध्य प्रदेश के भी रेलवे स्टेशन, 2 नवंबर को उज्जैन महाकाल मंदिर, जयपुर के कई धार्मिक स्थानों, रेलवे स्टेशन और सैन्य अड्डों को बम से उड़ा देंगे।राजस्थान और मध्य प्रदेश को खून से रंग देंगे। जैश-ए-मोहम्मद, खुदा हाफिज। इसके बाद अलवर स्टेशन पर सुरक्षा एकाएक बढ़ा दी गई है और हर संदिग्ध वस्तु और लोगों की जांच की जा रही है।
बीकानेर रेलवे स्टेशन की भी सुरक्षा बढ़ाई गई
प्रदेश के रेलवे स्टेशन को बम से उड़ानें की धमकी के बाद संभाग के सभी रेलवे स्टेशन को हाई अलर्ट कर दिया गया है। बीकानेर रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट कर दी गई और पुलिस द्वारा आने जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति और गाड़ियों की जांच की जा रही है। रेलवे अधिकारीयों ने कहा कि हनुमानगढ़ में धमकी के बाद बीकानेर रेलवे स्टेशन में आने जाने वाले यात्रियों सहित सभी गाड़ियों की जांच की जा रही है। मौके पर डॉग स्क्वाड भी बुलाया गया। राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और धार्मिक स्थानों को भी उड़ाने की धमकी दी गई है।