जिले के पाडली गांव में बिजली का करंट लगने से झुलसे एक युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि युवक घर की डीपी के तार लगा रहा था, इसके लिए उसने बिजली विभाग को सूचित करके लाइन काटने के लिए कहा था लेकिन लाइनमैन ने थोड़ी ही देर में फिर से लाइन चालू कर दी, जिससे उसे करंट लग गया।
अलवर जिले के रैणी थाना अंतर्गत पाडली ग्राम में युवक बिजली का करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। घायल युवक विजय सिंह का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के दौरान विजय कल देर शाम को अपने घर की डीपी पर तार लगा रहा था। उसने पहले ही बिजली विभाग के लाइनमैन जगदीश मीणा को इस बारे में सूचित कर दिया था कि वहां की लाइट काट दे। लाइनमैन ने उस समय तो लाइट काट दी थी लेकिन तुरंत बाद लाइट चालू कर दी, जिससे युवक को बिजली का करंट लगा और वह झुलस गया।
विज्ञापन
युवक ने लाइनमैन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि यदि वह लाइट चालू नहीं करता तो यह हादसा नहीं होता। करंट लगने के बाद युवक को रैणी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर अवस्था के चलते अलवर के जिला अस्पताल में रैफर कर दिया गया। फिलहाल घायल का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।