दीपावली से पहले अलवर पुलिस ने अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिगों को निरुद्ध कर उनके पास से 40 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की है। बरामद सामग्री में 20 किलो सल्फर और 20 किलो पोटेशियम पाउडर शामिल है। यह कार्रवाई वैशाली नगर थाना पुलिस ने की, जिसने त्योहार से पहले शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर चौकसी बढ़ा दी है।
दिवाकरी क्षेत्र में पकड़े गए नाबालिग, पुलिस ने बरामद किया विस्फोटक
थाना प्रभारी गुरुदत्त सैनी ने बताया कि पुलिस टीम दीपावली से पहले सतर्कता बरतते हुए इलाके में लगातार नाकाबंदी और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दिवाकरी क्षेत्र में तीन नाबालिगों को संदिग्ध हालात में पकड़ा गया, जिनके पास से 40 किलो विस्फोटक सामग्री मिली। पुलिस ने मौके पर ही सारा विस्फोटक जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया और तीनों नाबालिगों को निरुद्ध किया। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम किसी बड़ी अनहोनी को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।
पहले भी इसी क्षेत्र में हुआ था हादसा, अब पुलिस सतर्क
थाना प्रभारी ने बताया कि करीब दो से तीन साल पहले दिवाकरी क्षेत्र में इसी तरह का हादसा हुआ था, जब एक मकान में विस्फोट के कारण छत गिर गई थी और दो लोगों के हाथ कट गए थे। इस बार पुलिस कोई जोखिम नहीं लेना चाहती और हर संभावित खतरे पर नजर रख रही है।
यह भी पढ़ें- Sikar News: कर्ज में डूबा पिता बेटियों की शादी से छाप रहा था नोट, लाखों समेटकर फरार हो जाती थी लुटेरी दुल्हन
सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन पर सख्ती, सिर्फ ग्रीन पटाखों की अनुमति
पुलिस ने दीपावली से पहले चेतावनी जारी की है कि एनसीआर क्षेत्र में सुप्रीम कोर्ट द्वारा केवल ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति दी गई है।
यदि कोई व्यक्ति गैरकानूनी रूप से विस्फोटक सामग्री या अवैध पटाखों का भंडारण या बिक्री करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि वह उन सभी विक्रेताओं की निगरानी कर रही है जो दीपावली पर पटाखे बेचते हैं।
पुलिस की सख्ती से मची हलचल
अवैध विस्फोटक बरामद होने के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान लापरवाही या गैरकानूनी गतिविधि किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नाबालिगों तक यह विस्फोटक सामग्री कैसे पहुंची।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: कोटा ACB का बड़ा एक्शन; बारां में आयुक्त, अग्निशमन अधिकारी और होमगार्ड घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार