शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में बीती रात एक 29 वर्षीय युवक ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। परिजनों को भी इसकी कोई जानकारी नहीं है।
एएसआई मुकेश कुमार ने बताया कि कल देर रात थाने पर सूचना मिली कि काला कुआं सेठ की बावड़ी निवासी मुकेश सैनी ने अपने घर के ऊपरी मंजिल के एक कमरे में पंखे से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मुकेश किराये की कार की ड्राइविंग करता था और कल देर रात अपने घर लौटने के बाद रात करीब दस बजे उसने अपने ही घर में पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। मृतक दो बच्चों का पिता है।
पुलिस की प्राथमिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सपुर्द किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच भी कर रही है। परिजनों ने बताया कि घर लौटते ही यह युवक ऊपर के कमरे में चला गया था, जहां इसका शव फंदे पर झूलता हुआ पाया गया। हालांकि मृतक के घरवालों को युवक ने आत्महत्या क्यों की इसकी कोई जानकारी नहीं है।
साथ ही कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने के कारण पुलिस भी अभी कुछ कह पाने की स्थिति में नहीं है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही कोई बात सामने आ सकती है।