घायलों को अस्पताल ले जाते लोग और मृतक मांगेलाल
- फोटो : अमर उजाला
शहर के बुर्जा बायपास पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार से दौड़ती टाटा पंच कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी और कई बार पलटते हुए फौजी होटल के पास एक चाय के खोखे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खोखा पलट गया और वहां बैठे चार लोग उसकी चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल अलवर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने वहां मांगेलाल (60), पुत्र रामसहाय बैरवा, निवासी बहाली (राजगढ़) को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन लोग सचिन (25, सामोला), सुनील (25, साहोड़ी) और सारुख (35, मुंडावर खुर्द) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
ये भी पढ़ें: Jaisalmer: लोको पायलट का अनूठा वन्यजीव प्रेम, गिद्धों को बचाने के लिए धीमी की स्वर्णनगरी एक्सप्रेस; VIDEO
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कार में सवार तीन युवकों में से एक मौके से फरार हो गया, जबकि दो को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। खोखे के मालिक ने बताया कि वह उस समय खोखे के अंदर था, जिससे वह बाल-बाल बच गया।
सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है। मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।